MLC में टाइम 12 बजे, मुख्य सचिव सीएम हाउस से 11.30 बजे निकले, तो मारपीट कब हुई?
MLC में टाइम 12 बजे, मुख्य सचिव सीएम हाउस से 11.30 बजे निकले, तो मारपीट कब हुई? MLC में टाइम 12 बजे, पर मुख्य सचिव तो 11.30 बजे ही निकल गए थे
नई दिल्ली। दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश के मामले में आम आदमी पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के दावे ने नया ट्विस्ट ला दिया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि चीफ सेक्रेटरी के साथ मारपीट की कहानी झूठ का पुलिंदा है। संजय सिंह ने दावा किया कि चीफ सेक्रेटरी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर रात करीब 11.23 मिनट पर आए थे और करीब 7 मिनट बाद यानी 11.30 पर वह सीएम हाउस से बाहर निकल गए। संजय सिंह ने दावा किया कि उनके आने और जाने का समय सीसीटीवी में दर्ज है, जबकि चीफ सेक्रेटरी की एमएलसी रिपोर्ट में उनके साथ मारपीट का समय रात 12 बजे के बाद का है। संजय सिंह ने सवाल किया कि क्या कोई सिर्फ 7 मिनट में मीटिंग भी हो गई, बहस भी हो गई, गरमा-गरमी भी हो गई और मारपीट भी हो गई। उन्होंने सवाल पूछा कि जब सीसीटीवी में उनके जाने का समय करीब साढ़े ग्यारह बजे है तो एमएलसी में उनके साथ मारपीट का समय 12 बजे क्यों दर्ज है? चीफ सेक्रेटरी को 12 बजे से पहले ही सीएम केजरीवाल के घर से निकल गए थे।

संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार में बैठी बीजेपी दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार को गिराना चाहती है। दिल्ली में आप सरकार बनने के पहले दिन से ही सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली की आप सरकार के साथ जिस प्रकार से बर्ताव हो रहा है, उसे देखकर तो ऐसा लगता है कि हमने राजनीति में आकर बहुत बड़ा गुनाह कर दिया।

संजय सिंह ने इस बात को स्वीकार किया कि चीफ सेक्रेटरी के साथ अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में बहस हुई थी। थोड़ी बहुत गरमा-गरमी भी हुई थी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उनके साथ मारपीट की गई। संजय सिंह ने कहा कि आप नेताओं के साथ बदसलूकी का बाकायदा वीडियो है, लेकिन चीफ सेक्रेटरी के साथ मारपीट का कोई सबूत अब तक सामने नहीं आया है।
आम आदमी पार्टी का दावा है कि मीटिंग के दौरान चीफ सेक्रेटरी से बहस हुई थी। आप नेता इस बात से नाराज थे कि दिल्ली में लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। इस पर चीफ सेक्रेटरी ने गलत शब्दों का इस्तेमाल किया और एलजी के प्रति जवाबदेही की बात कही। दूसरी ओर चीफ सेक्रेटरी की ओर से दावा किया गया है कि आम आदमी पार्टी की सरकार के 3 साल पूरे होने को लेकर विज्ञापन की बात पर झगड़ा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications