Delhi: जंगपुरा से कांग्रेस प्रत्याशी फरहाद सूरी का मनीष सिसोदिया पर तंज, कहा-'निर्वाचन क्षेत्र क्यों छोड़ा'
Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे जंगपुरा से कांग्रेस उम्मीदवार फरहाद सूरी ने सिसोदिया पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस प्रत्याशी फरहाद सूरी ने सवाल उठाते हुए कहा कि मनीष सिसोदिया तीन बार पटपड़गंज से चुनाव जीत चुके हैं। अब वे अपनी पुरानी सीट को छोड़कर क्यों भाग रहे हैं। इसका मतलब है कि उन्होंने वहां कोई काम नहीं किया।

स्थानीय उम्मीदवारों की मांग पर जोर
सूरी ने दिल्ली की जनता की स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की परंपरा को रेखांकित करते हुए कहा कि दिल्ली के लोग चाहते हैं कि उनका प्रतिनिधि स्थानीय हो। मनीष सिसोदिया स्थानीय नहीं हैं। वह बड़े-बड़े बंगलों में रहते हैं। ऐसे में दिल्ली की जनता उनसे कैसे संपर्क करेगी।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर निशाना
फरहाद सूरी ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि सिसोदिया वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। ऐसे व्यक्ति को जनता कैसे स्वीकार करेगी।
कांग्रेस की रणनीति
जंगपुरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने फरहाद सूरी को उतारकर यह स्पष्ट संकेत दिया है कि वह आम आदमी पार्टी के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाने जा रही है। सिसोदिया जैसे वरिष्ठ नेता के खिलाफ सूरी का यह बयान कांग्रेस की चुनावी तैयारियों और आक्रामक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
AAP के लिए चुनौतीपूर्ण होगा चुनाव
मनीष सिसोदिया के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप और उनकी पुरानी सीट छोड़ने का मुद्दा इस चुनाव में अहम भूमिका निभा सकता है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसे भुनाने की कोशिश करेंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर जंगपुरा सीट पर मुकाबला रोमांचक होता नजर आ रहा है। फरहाद सूरी के इस बयान से साफ है कि कांग्रेस सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। यह देखना दिलचस्प होगा कि मनीष सिसोदिया इन आरोपों का कैसे जवाब देते हैं और अपनी चुनावी रणनीति को कैसे मजबूत करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications