एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के उद्घाटन में केजरीवाल को नहीं बुलाने पर भड़की AAP, पीएम मोदी पर बोला जोरदार हमला
Airport Metro Express line: दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के उद्घाटन को लेकर अब आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासत तेज हो गई है। अरविंद केजरीवाल को उद्घाटन में नहीं बुलाने पर आम आदमी पार्टी ने इस मामले में सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है। केजरीवाल के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने इस मामले पर बात करते हुए कहा कि अभी एक हफ्ते पहले पीएम मोदी ने विश्व नेताओं के सामने कहा था 'वसुधैव कुटुंबकम' जिसका अर्थ है विश्व एक परिवार और अब अपने ही देश में, आप तीन बार के निर्वाचित मुख्यमंत्री को मेट्रो के उद्घाटन के लिए आमंत्रित नहीं करते हैं।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पीएम मोदी सबका साथ, सबका विकास की बात करते हैं लेकिन इसे क्या समझा जाए, यह तो बहुत ही छोटी बात हो गई। इनके लोग कहते हैं पीएम मोदी वर्ल्ड क्लास लीडर बन गए हैं, लेकिन आप अपने देश के एक मुख्यमंत्री को नहीं बुला सकते और यह पहली बार नहीं हुआ, पहले भी नहीं बुलाया। अगर पीएम मोदी को लगता है कि ऐसा करने से उन्हें लोग स्टेट्समैन मान लेंगे तो यह उनकी गलतफहमी है।

वहीं इसके अलावा, आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निमंत्रण नहीं भेजने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
प्रियंका ने लिखा कि आज दिल्ली में प्रधानमंत्री जी एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का उद्घाटन करेंगे। दिल्ली मेट्रो का 50% खर्च दिल्ली सरकार उठाती है लेकिन मोदी जी "I, Me & Myself" वाली छोटी राजनीति करते हैं इसीलिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को निमंत्रण भेजना ज़रूरी नहीं समझा। दिल्ली दिल वालों की है प्रधानमंत्री जी इसलिए आप कभी नहीं जीत पाए क्योंकि आपका दिल छोटा है और निम्न स्तर की राजनीति दिल्ली वालों का पसंद नहीं।












Click it and Unblock the Notifications