दिल्ली में चाकूबाजी के 5 किस्से! कभी आशिक तो कभी दुश्मनी निकालने के लिए बना हथियार
Delhi Murder: दिल्ली अब चाकूबाजी की राजधानी बनती नजर आ रही है। मई का महीना दिल्ली के लिए काला साबित होता दिखाई दे रहा है।

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर क्राइम सिटी के नाम से पुकारी जाने लगी है। अपराधियों के बेखौफ बुलंद हौसले पुलिस को लगातार चुनौती देते नजर आ रहे हैं। किचन में सब्जी काटने वाला मामूली सा दिखने वाले चाकू अब 'मौत का हथियार' बन चुका है। एक के बाद एक दिल्ली में चाकूबाजी की घटनाएं घट रही है।
कभी आशिक तो कभी दुश्मन अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि दिल्ली अब चाकूबाजी की राजधानी बन चुकी है। आइए आपको रूबरू कराते हैं ऐसे ही 5 किस्सों से...
पिता को गाली दी तो चाकू मारा
घटना 29 मई और 30 मई के दरमियान की है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के फेमस मजनू का टीला के पास स्थित सिविल लाइंस के अरुणा नगर में किराए के मकान में रह रही एक महिला सपना ने अपनी रूम मेट युवती रानी की चाकू से वार कर हत्या कर दी। पूछताछ में बताया कि युवती ने शराब के नशे में उसके स्वर्गवासी पिता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। जिससे उसे गुस्सा आ गया और किचन में रखे चाकू से एकाएक वार कर हत्या कर दी।
दुश्मन को मिटाने के लिए चाकू मारा
बीती 29 मई को तिहाड़ जेल में एक बार फिर चाकूबाजी हुई। दो गैंग के सदस्य आमने-सामने आ गए। एक गैंग के राहुल पर दूसरी गैंग के अशोक नाम के कैदी ने चाकू और नुकीले टाइल्स से वार किए। घटना में दोनों कैदी जख्मी हुए। हालांकि, क्विक रिस्पॉन्स टीम के मौके पर पहुंचने के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अनहोनी होने से बच गई।
एकतरफा प्यार में 20 बार चाकू मारा
बीती 29 मई की देर शाम को दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में 16 साल की लड़की साक्षी पर सिरफिरे आशिक साहिल ने चाकू से 20 बार वार किया। हत्या को अंजाम देने के बाद निकल गया। लड़की के मरने की तसल्ली करने फिर लौटा और पत्थर उठाकर 6 बार कुचला। पूरी दर्दनाक घटना इलाके के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हो गई। हालांकि, पुलिस ने मामले में 24 घंटे के अंदर ही हत्यारे साहिल को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया।
बदला लेने के लिए 100 से ज्यादा बार चाकू मारा
बात है 2 मई 2023 की। जब तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया पर 100 से ज्यादा बार चाकू से हमला हुआ। हत्या जितेंद्र गोगी गैंग के योगेश टुंडा, दीपक, राजेश और रियाज खान ने की। टिल्लू हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद था। यही पर नुकीले हथियारों से हमला किया गया। मौके पर ही टिल्लू की मौत हो गई थी। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। जिसमें साफ नजर आ रहा था कि टिल्लू पर किस तरह वार किए गए।
लिवइन पार्टनर ने चाकू से मारा
आपको 18 मई 2022 की दर्दनाक घटना याद होगी। जिसने पूरी दिल्ली को हिला कर रख दिया था। इस दिन लिवइन पार्टनर आफताब पूनावाला ने अपनी प्रेमिका श्रद्धा वालकर की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आफताब पूनावाला ने चाकू समेत अन्य धारदार हथियार से श्रद्धा के शव के 35 टुकडे किए थे। उसके बाद उन्हें महरौली इलाके के जंगल में ठिकाने लगाया था। 12 नवंबर को आरोपी आफताब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
दिल्ली में चाकूबाजी की अन्य घटनाएं
- 20 मार्च 2023- अशोक विहार इलाके में आशीष अपने भाई विशाल के साथ जा रहे थे। तभी तीन युवकों ने उन्हें रोका और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। एक हमलावर ने चाकू निकालकर आशीष के पेट में घोंप दिया। घटना में आशीष की मौत हो गई।
- 29 अप्रैल 2023- गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद में मोहम्मद स्यान नाम के युवक की मौत हो गई। हुआ कुछ यूं था कि जामिया नगर की गली नंबर-6 में अदीब अपने दोस्त मोहम्मद स्यान और अन्य साथियों के साथ पहुंचा। यह भी नाबालिग पर हमला करने पहुंचे थे। लेकिन, नाबालिग ने चाकू निकालकर वार कर मोहम्मद स्यान को मार डाला।












Click it and Unblock the Notifications