पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन की डोज मिलें तो 24 घंटे चला सकते हैं टीकाकरण अभियान- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वो 24 घंटे टीकाकरण अभियान के जरिए 2 से 3 महीने में पूरी दिल्ली के लोगों को टीका लगा सकते हैं।
नई दिल्ली, 06 मई: देश में कोहराम मचा रही कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच राजधानी दिल्ली में अब संक्रमण के दैनिक मामलों में कमी देखने को मिल रही है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर दिल्ली में कोरोना वायरस के 19,133 नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले बुधवार को राजधानी में कोरोना वायरस के 20,960 मरीज मिले थे। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उन्हें केंद्र से पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं मिल रही है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि अगर उन्हें वैक्सीन की पर्याप्त डोज मिलें, तो वो 24 घंटे टीकाकरण अभियान के जरिए 2 से 3 महीने में पूरी दिल्ली के लोगों को टीका लगा सकते हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र हॉस्पिटल का भी दौरा किया। इस हॉस्पिटल में एक ऑक्सीजन का प्लांट स्थापित किया गया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह 330 लीटर का ऑक्सीजन प्लांट है और यहां हर रोज ऑक्सीजन के 50 से 60 सिलेंडर भरे जा सकते हैं। केजरीवाल ने बताया कि अगर इस प्लांट से पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन की सप्लाई की जाए तो 24 घंटों के लिए इससे 33 मरीजों को ऑक्सीजन दी जा सकती है।
'निजी एंबुलेंस सेवाओं के लिए अधिकतम कीमतें तय'
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निजी एंबुलेंस संचालकों द्वारा कोरोना के मरीजों से ज्यादा पैसे वसूलने के मामले पर भी संज्ञान लिया। अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'हमारी जानकारी में आया है कि कुछ निजी एंबुलेंस संचालक कोरोना मरीजों के परिजनों से अवैध रूप से ज्यादा पैसे ले रहे हैं। इससे बचने के लिए दिल्ली सरकार ने निजी एंबुलेंस सेवाओं के लिए अधिकतम कीमतें तय की हैं। इससे ज्यादा चार्ज वसूलने वाले एंबुलेंस संचालकों पर दिल्ली सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।'












Click it and Unblock the Notifications