'आर्यभट्ट ने 0 का आविष्कार कांग्रेस के लिए किया था', MLC चुनावी नतीजों पर CM रेखा गुप्ता का तंज
उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और बिहार चार राज्यों में हुए विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों पर चुनावों के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बैलेट पेपर के जरिए हुए इन चुनावों में विपक्षी गठबंधन का सूपड़ा साफ होने के बाद नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए तीखा तंज कसा।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने चुटकी लेते हुए कहा, "आर्यभट्ट ने '0' का आविष्कार शायद इसीलिए किया था ताकि कांग्रेस की जीती हुई सीटों की गिनती की जा सके।"

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्टर भी साझा किया, जिसमें लिखा था - "राहुल, जूम इन करें" और "आप बैलेट पेपर पर भी हार गए।"
BJP के किस नेता ने MLC चुनावी नतीजों पर क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सवाल उठाया कि बैलेट पेपर से चुनाव होने के बावजूद आखिर चार बड़े राज्यों में कांग्रेस का यह हाल क्यों हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीतीं? जीरो! बैलेट बॉक्स, इस्तीफा दो!" उन्होंने रोते हुए बैलेट बॉक्स का कार्टून भी साझा किया।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी की पेट्रोल पंप वाली तस्वीर पोस्ट की, जिसका कैप्शन था - "भाई, जीरो तो चेक कर लो!" वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि खराबी ईवीएम, चुनाव आयोग या बैलेट पेपर में नहीं, बल्कि कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व में है।
कर्नाटक में क्लीन स्वीप, शिवकुमार की पुरानी फोटो वायरल
कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों (दो स्नातक और दो शिक्षक) पर हुए चुनाव में भाजपा और जेडीएस गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी सीटों पर जीत हासिल की। 23 अक्टूबर को पड़े वोटों की गिनती 28 अक्टूबर को पूरी हुई।
जीत के तुरंत बाद कर्नाटक बीजेपी ने राज्य के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार पर चुटकी लेते हुए उनकी फरवरी 2023 के बजट विरोध वाली एक पुरानी तस्वीर शेयर की, जिसमें वे सिर पर गेंदे के फूल पहने नजर आ रहे हैं। पार्टी ने लिखा - "डीके, इट्स डन ब्रो! यह तो बस ट्रेलर है, पूरी पिक्चर 2028 में दिखेगी।"
नागपुर में मिली राहत, अभिजीत वंजारी ने बचाई साख
लगातार हो रही घेराबंदी के बीच महाराष्ट्र से कांग्रेस के लिए राहत की खबर आई। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने भाजपा के गढ़ में जीत दर्ज की। 40 घंटे से ज्यादा चली मतगणना के बाद वंजारी ने भाजपा के सुधाकर कोहाले को 3,271 वोटों से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। हालांकि इस अकेली जीत के बावजूद, बैलेट पेपर से हुए चुनावों के नतीजों ने कांग्रेस को रक्षात्मक मुद्रा में ला दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
