ओमिक्रॉन का खतरा: CM अरविंद केजरीवाल ने की बैठक, नए वेरिएंट के खिलाफ तैयारियों का जायजा लिया
नई दिल्ली, 30 नवंबर। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट 'ओमिक्रॉन' के खतरे को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की। मीटिंग की अध्यक्षता सीएम केजरीवाल ने की। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के नए वेरिएंट 'ओमिक्रॉन' के भारत आने की उम्मीद कम है लेकिन एक जिम्मेदार सरकार के रूप में हमें आने वाले खतरे को लेकर तैयार रहने की जरूरत है। बैठक में सीएम केजरीवाल ने अधिकारियों से दिल्ली के अस्पतालों में मेडिकल उपकरणों का जायजा लिया।
Recommended Video

मीटिंग की जानकारी देते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा, 'ओमिक्रॉन' के खतरे को देखते हुए मैंने आज अधिकारियों के साथ बैठक की। जहां तक बेड का सवाल है, हमने 30,000 ऑक्सीजन बेड तैयार किए हैं और इनमें से लगभग 10,000 आईसीयू बेड हैं। दिल्ली के अस्पतालों में 750 MT की ऑक्सीजन को स्टोर करने की क्षमता है। कोरोना की दूसरी लहर में हमारे पास ऑक्सीजन स्टोर करने की क्षमता नहीं थी। इससे निपटने के लिए हमने 442 MT स्टोरेज की क्षमता और बनाई है। दिल्ली में अब 121 MT ऑक्सीजन बनाई जा सकती है।
यह भी पढ़ें: स्पुतनिक वी और स्पुतनिक लाइट कोरोना के ओमीक्रॉन वेरिएंट को कर देंगी बेअसर- रूस ने किया दावा
दिल्ली के सीएम ने आगे कहा, 'इसके अलावा 6,800 आईसीयू बेड्स निर्माणाधीन हैं जो फरवरी तक तैयार हो जाएंगे। हम हर नगर पालिका वार्ड में 100 ऑक्सीजन बेड्स को 2 हफ्ते के नोटिस में तैयार कर सकते हैं। दिल्ली में 270 वार्ड हैं तो इस तरह से हम 27,000 ऑक्सीजन बेड्स और तैयार कर सकते हैं। इन सबको मिलाकर हम 63,800 बेड्स तैयार कर सकते हैं। 32 किस्म की दवाईयां है जिसको अलग-अलग तरह से कोरोना के दौरान इस्तेमाल किया जाता है। इन सारी दवाईयों का 2 महीने का बफर स्टॉक ऑर्डर किया जा रहा है जिससे किसी भी तरह से दवाईयों की कमी न पड़ सके।' बता दें कि कोविड-19 वेरिएंट 'ओमिक्रॉन' पहली बार दक्षिण अफ्रीका में पाया गया, अब यह 17 देशों में पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications