Farmers Protest के चलते बंद हुआ चिल्ला बॉर्डर, दिल्ली पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक रास्तों से जाने की दी सलाह
Farmer's protest Chilla border closed: दिल्ली। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान पिछले 27 दिनों से दिल्ली बॉर्डर पर डटे हुए हैं। आंदोलनकारी किसानों की मांग है कि केंद्र सरकार नए कृषि कानूनों को वापल लें। हालांकि, सरकार ने यह बात साफ कर दी है कि वो इन कानूनों को किसी भी कीमत पर वापस नहीं लेगी। लेकिन कानूनों में संशोधन के लिए केंद्र सरकार तैयार है। तो वहीं, अब सैकड़ों की संख्या में आंदोलनकारी किसानों ने सड़कों को ब्लॉक करना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि किसान आंदोलन की वजह से चिल्ला बॉर्डर को बंद कर दिया गया है। नोएडा और गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए उन्हें वैकल्पिक रास्तों से जाने की सलाह दी है।
Recommended Video

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि अगर आप दिल्ली जाना चाहते हैं तो वैकल्पिक रास्ते जैसे डीएनडी, अप्सरा और भोपुरा बॉर्डर से जा सकते हैं। इसके अलावा लोग आनंद विहार से भी जा सकते हैं। इससे पहले सैकड़ों की संख्या में किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर यातायात को पूरी तरह से रोक दिया है, कई किसान सड़कों पर बैठकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से गाजीपुर और गाजियाबाद की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हुआ क्योंकि दोनों ओर के मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए।
वहीं, दिल्ली से गाजियाबाद जाने के लिए गाजीपुर बॉर्डर पर यातायात प्रभावित होने के बाद ट्रैफिक को आनंद विहार, अप्सरा, भोपरा, डीएनडी से आगे की यात्रा के लिए निजामुद्दीन खट्ठा, अक्षरधाम और गाजीपुर चौक से डायवर्ट किया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली की सीमा पर धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को भी ब्लॉक कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह 7.30 बजे से ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस गाजीपुर-गाजियाबाद सीमा ब्लॉक होने के बाद जनता को अपडेट करने के लिए अपने ट्विटर हैंडल का इस्तेमाल कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications