हुमा कुरैशी के 'भाई' की दिल्ली में दर्दनाक हत्या, आखिर किस विवाद में गई जान? दो आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में गुरुवार रात बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना जंगपुरा भोगल लेन में हुई। पार्किंग विवाद के चलते पड़ोसियों ने आसिफ पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय आसिफ कुरैशी पुत्र इलियास कुरैशी की सात अगस्त की रात रात लगभग 10:30 बजे आरोपियों के साथ स्कूटर पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या कर दी गई।

सीने पर नुकीली चीज से किया वार
विवाद के दौरान एक आरोपी ने पीड़ित के सीने पर किसी नुकीली चीज (पोकर) से वार किया, जिससे पीड़ित की मौत हो गई। 08.08.25 को धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत एफआईआर संख्या 233/25 दर्ज की गई। आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय उज्ज्वल और 18 वर्षीय गौतम के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
पहले भी हो चुका था विवाद
पुलिस के मुताबिक, आसिफ की पत्नी साइनाज कुरैशी ने बताया कि आरोपियों से पहले भी इसी मुद्दे पर विवाद हो चुका था। गुरुवार को जब आसिफ काम से लौटा, तो उसने देखा कि पड़ोसी ने दोपहिया वाहन उसके घर के मुख्य द्वार के सामने खड़ा कर रखा है।
मामले में आगे की जांच जारी
आसिफ ने वाहन हटाने के लिए कहा, लेकिन गाड़ी हटाने के बजाय आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications