चुनाव से पहले केजरीवाल का 'नहले पे दहला', 'Ambulance Man' जितेंद्र सिंह शंटी को आप में कराया शामिल
Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल 'नहले पे दहला' फेंककर विरोधियों को चकमा दे रहे हैं। सामाजिक कार्यों के लिए प्रसिद्ध, पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी ने बृहस्पतिवार को अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर जितेंद्र सिंह शंटी ने कहा कि "अरविंद केजरीवाल जी नवजात बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सेवा करते हैं। भगत सिंह के सभी चेले एक साथ आ रहे हैं।"
AAP नेता दुर्गेश पाठक ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रख्यात समाजसेवी, हज़ारों लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने वाले और रक्तदान में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी जी का आम आदमी पार्टी में शामिल होना हमारे लिए बेहद ही गर्व की बात है।

"भगत सिंह के चेले साथ आ रहे"
पार्टी ज्वाइन करने पर पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी ने खुशी जाहिर की। शंटी ने कहा कि हम भगत सिंह के चेले एक साथ आ रहे हैं। अरविंद केजरीवाल जी नवजात बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सेवा करते हैं। जीवन संभालने का काम केजरीवाल जी कर रहे हैं और मैं मृत्यु के बाद संभालने का काम कर रहा हूं।
आप जन्म से बुढ़ापे तक लोगों की सेवा करती है- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जितेंद्र जी ने 70,000 से ज़्यादा शवों का सम्मानजनक तरीक़े से अंतिम संस्कार कराया है। आम आदमी पार्टी जन्म से बुढ़ापे तक लोगों की सेवा करती है और जितेंद्र जी मृत्यु के बाद शवों की सेवा करते हैं। बता दें कि जितेंद्र सिंह शंटी दिल्ली में 'Ambulance Man' के नाम से प्रसिद्ध हैं।
रामनिवास गोयल को लेकर क्या कहा ?
वहीं, रामनिवास गोयल को लेकर केजरीवाल ने कहा कि स्वास्थ्य की वजह से चुनाव ना लड़ने का निर्णय लिया है। हम उनका बहुत सम्मान करते हैं। हम उनका मार्गदर्शन लेते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications