चाय पर चर्चा के लिए जुटे कांग्रेसियों के बटुओं पर चोरों ने किए हाथ साफ
दिल्ली। देश की राजधानी में अपनी खोई जमीन तलाशने के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 8 अक्टूबर को एक मीटिंग बुलाई थी। जिसमें कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करने के बारे में चर्चा कर सकें। इसमें बातचीत के साथ चाय का भी इंतजाम था।

दीनदयाल मार्ग स्थित दिल्ली कांग्रेस कमेटी की इस मीटिंग में नेता और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की मजबूती को लेकर सलाह-मशविरा किया लेकिन जब सभा खत्म हुई तो कई नेताओं ने देखा कि उनका बटुए और क्रेडिट कार्ड चोरी हो चुके हैं।
कांग्रेस नेताओं की जेब से करीब 35 हजार रुपये जेबकतरे ने साफ कर दिए। पार्टी की बैठक में आए हीरा लाल सोलंकी की जेब से 22 हजार, जबकि दो और नेताओं की जेब से 10 हजार और तीन हजार रुपये चोरी हुए।
पुलिस को कार्यकर्ता पर ही शक
इसके अलावा पार्टी के कार्यकर्ता सुनील और हरीकृष्ण शर्मा की जेब से क्रेडिट कार्ड चोरी हो गए। जब नेताओं का ध्यान इस ओर गया तो दफ्तर में हलचल मच गई, सब मीटिंग छोड़ अपनी जेबें चैक करने लगे।
इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस पार्टी के दफ्तर में पहुंची और जांच की। पुलिस के मुताबिक चोर उनके पहुंचने से पहले ही फरार हो चुका था।
पुलिस का कहना है कि चोरी की शिकायत दर्ज कर ली गई है और दफ्तर में लगे सीसीटीवी की फुटेज निकालकर चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस तो शक है कि चोरी की इस घटना को अंजाम पार्टी के ही किसी कार्यकर्ता ने दिया है।












Click it and Unblock the Notifications