ED के सामने पेश नहीं होंगे अरविंद केजरीवाल, AAP का आरोप, गिरफ्तार करना चाहते हैं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने पूछताछ के लिए समन भेजा था। सीएम केजरीवाल को 3 जनवरी को ईडी ने पेश होने के लिए कहा था लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी को पत्र लिखकर स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह आज ईडी ऑफिस नहीं जाएंगे।
वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया है कि हम ईडी की जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं लेकिन एजेंसी ने जो नोटिस भेजा है वह गैरकानूनी है। इन लोगों का इरादा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना है, ये लोग उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोकना चाहते हैं।

गौर करने वाली बात है कि दिल्ली में कथित शराब नीति घोटाले में ईडी ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को तीसरी बार नोटिस भेजकर 3 जनवरी को पेश होने के लिए कहा था लेकिन पिछली दो नोटिस पर भी सीएम केजरीवाल पेश नहीं हुए थे और उन्होंने ईडी की नोटिस को गैरकानूनी बताया था।
इसी तरह इस बार भी ईडी के नोटिस को गैरकानूनी बताते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी के सामने पेश होने से इनकार कर दिया है। अरविंद केजरीवाल ने इससे पहले भी नोटिस को गैरकानूनी बताते हुए कहा था कि यह राजनीति से प्रेरित है।
वरिष्ठ वकील गीता लूथरा का कहना है कि ईडी के सामने पेश ना होने पर जमानती वारंट जारी हो सकता है। लेकिन इसके बाद भी वह पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो सकता है। यह कानूनी प्रावधान है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। ईडी खुद सीएम केजरीवाल के घर जाकर सवाल कर सकती है, ऐसे में अगर ईडी को उनके जवाब संतोषजनक नहीं लगते हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications