अरविंद केजरीवाल जल्द ही छोड़ेंगे CM आवास, आखिर कैसे घर की है तलाश ?
New Delhi: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जल्द ही सीएम आवास खाली कर देंगे। उन्होंने नए घर की तलाश तेज कर दी है। आप के पार्षद, विधायक और मंत्री सहित सामाजिक कार्यकर्ता भी उन्हें घर की पेशकश कर रहे हैं। 17 सिंतबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सिविल लाइंस वाले आधिकारिक आवास को खाली करने की घोषणा की थी।
आप के सूत्रों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल अपने विधानसभा क्षेत्र में ही नया आवास खोज रहे हैं, ताकि वह अपने क्षेत्र के लोगों से जुड़े रहें। अरविंद केजरीवाल ने पहले ही कहा था कि वह श्राद्ध पक्ष समाप्त होने और नवरात्र शुरू होने के साथ दिल्ली CM आवास छोड़ देंगे। दरअसल, केजरीवाल ऐसे जगह की तलाश में हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से सही हो, विवाद मुक्त हो और वहां रहने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने का समय बचा है। AAP संयोजक ऐसा घर ढ़ूंढने पर ध्यान दे रहे हैं, जहां उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या न हो। लोगों से मुलाकात कर सके, संसाधनों के इस्तेमाल में कोई रुकावट न आए।
सभी सुविधा छोड़ने का किया था ऐलान
जंतर-मंतर पर इस्तीफे के बाद 'जनता की अदालत' के दौरान केजरीवाल ने कहा, कुछ दिनों में मैं सीएम आवास छोड़ दूंगा। आज, सीएम बने 10 साल हो गए, लेकिन मेरे पास दिल्ली में रहने के लिए एक घर भी नहीं है। उन्होंने कहा, लोग मुझे कहते हैं, आप किस तरह के आदमी हैं, आप 10 साल तक सीएम रहे, लोग 10 साल में 10 बंगले बना लेते हैं। मैं सभी सरकारी सुविधाएं भी छोड़ दूंगा। मैंने दस साल में कुछ नहीं कमाया, सिर्फ आपका प्यार और भरोसा कमाया है। पितृ पक्ष खत्म होते ही और नवरात्र शुरू होने के बाद मैं सरकारी बंगला छोड़ दूंगा।












Click it and Unblock the Notifications