चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे अरविंद केजरीवाल, पदयात्रा में भीड़ देखकर गदगद सिसोदिया ने किया बड़ा दावा
New Delhi: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख जैसै जैसे नजदीक आती जा रही है वैसे ही राजनीतिक पार्टियां भी चुनावी रंग में रंगते नजर आ रही है। दो टर्म से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) जीत की हैट्रिक लगाने की जुगत में हर पहलू पर काम कर रही है। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार बैठके कर रहे हैं, तो वहीं सभी बड़े नेता से लेकर कार्यकर्ता भी बूथ लेवल पर एक्टिव हो गए हैं। मंगलवार को दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिाया ने दिल्ली के कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा की।
सिसोदिया ने पदयात्रा के माध्यम से दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संदेश दिल्लीवालों तक पहुंचाया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक एसके बग्गा भी उपस्थित रहे। लोगों का भीड़ देखकर गदगद आप नेता ने कहा कि दिल्ली की जनता का जोश बता रहा है, अरविंद केजरीवाल जी 70 की 70 सीटें जीतकर चौथी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

आप कार्यकर्ताओं ने जगह जगह फूल माला पहनाकर मनीष सिसोदिया का जोरदार स्वागत किया। लोगों के प्यार से अभिभूत होकर उन्होंने सबका शुक्रिया अदा किया। साथ ही कहा कि आप सब के बदौलत ही आम आदमी पार्टी मजबूत है। कार्यकर्ता पार्टी की पूजी है। हर कार्यकर्ता के दिल में केजरीवाल है।
वहीं, बीजेपी पर निशाना साधते हुए आप नेता सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुश्किल समय में एक लंबी लड़ाई लड़ी है। तमाम मुश्किलों के बाद भी आप लोग नहीं टूटे, आपके संघर्ष से मुझे हिम्मत मिली। बीजेपी वालों ने दिल्लीवालों के काम रोकने के लिए अरविंद केजरीवाल जी, संजय सिंह जी, सत्येंद्र जैन जी और मुझे जेल में डाल दिया। अब अरविंद केजरीवाल जी बाहर आ गए हैं और अब सारे काम शुरू हो गए हैं। अगली बार सरकार बनने पर ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे और राजधानी दिल्ली को एलजी राज से मुक्त कराकर रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications