पंजाब में धमाकेदार जीत पर पीएम मोदी की बधाई का केजरीवाल ने दिया जवाब, कहा- थैंक्यू सर
नई दिल्ली, मार्च 11। पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को पीएम मोदी ने जीत की बधाई दी थी, जिसके जवाब में अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया है। अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा है, "थैंक्यू सर"।

क्या कहा था पीएम मोदी ने?
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी को जीत की बधाई देते हुए कहा था कि मैं पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी को इस शानदार जीत के लिए बधाई देना चाहता हूं। मैं आम आदमी पार्टी को पंजाब के कल्याण के लिए केंद्र की ओर से हर संभव समर्थन का आश्वासन देता हूं।"
पंजाब में आप की धमाकेदार जीत
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 117 विधानसभा सीटों में से पार्टी ने 92 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। पंजाब में आप के उम्मीदवारों ने मौजूदा सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत कई बड़े नेताओं को धूल चटा दी। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर पंजाब की सत्ता पर जीत दर्ज की है।
पंजाब में आप का बढ़ा वोट शेयर
पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत की अहमियत को कुछ ऐसे समझा जा सकता है कि 2017 में आम आदमी पार्टी का वोट शेयर 23.7 फीसदी था, जो 2022 में बढ़कर 42 फीसदी हो गया। आप की जीत के बाद पंजाब में भगवंत मान मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। ऐसी खबर है कि वो 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और उनकी कैबिनेट में 17 मंत्री शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications