केजरीवाल बोले- PM मोदी की नीयत खराब है, राहुल गांधी से हुई है डील
दिल्ली के सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले दिन से अपने पैसे का हिसाब सार्वजनिक कर रखा है। बाकी पार्टियों को भी इसी तरह अपना हिसाब दिखाना चाहिए।
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नोटबंदी के फैसले पर मोदी सरकार को एक बार फिर निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीयत खराब है। केजरीवाल ने राजनीतिक पार्टियों के पैसे को टैक्स से छूट दिए जाने का विरोध किया है।

केजरीवाल ने कहा कि अगर आम आदमी के ढाई लाख रुपये की जांच की जा रही है तो राजनीतिक पार्टियों के पैसों की जांच हो। उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं एक जांच कमेटी बने जो राजनीतिक पार्टियों के बही खातों की जांच करे और लेन-देन का हिसाब ले। पार्टियों की ओर से जमा कराए जाने वाले पैसे का ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए।'
'सबूत हैं तो सार्वजनिक करें राहुल गांधी'
दिल्ली के सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले दिन से अपने पैसे का हिसाब सार्वजनिक कर रखा है। बाकी पार्टियों को भी इसी तरह अपना हिसाब दिखाना चाहिए। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वह कहते थे उनके पास नरेंद्र मोदी के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत हैं तो वह सार्वजनिक क्यों नहीं करते।
'क्या डील हुई है इनके बीच'
केजरीवाल ने कहा, 'कल राहुल गांधी प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे और उसके तुरंत बाद सरकार ने घोषणा कर दी कि राजनीतिक पार्टियों के पैसों पर किसी तरह का टैक्स नहीं लगेगा। यह सरासर गलत है। इससे लगता है कि मोदी और राहुल के बीच डील हुई है।'
'राजनीतिक पार्टियों के पास सबसे ज्यादा कालाधन'
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर राजनीतिक पार्टियों के पैसों का हिसाब नहीं रखा जाएगा तो वे काला धन सफेद कर लेंगी। क्योंकि सबसे ज्यादा कालाधन राजनीति पार्टियों के पास ही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कालेधन को बढ़ावा देने वाला फैसला लागू किया है।












Click it and Unblock the Notifications