आप विधायक अमानतुल्लाह और जरवाल एक दिन की न्यायिक हिरासत में
नई दिल्ली। दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जरवाल और अमानतुल्लाह खान को अदालत ने एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट अब इस मामले पर गुरुवार को सुनवाई करेगा। आज दोपहर दोनों विधायकों को पुलिस ने दिल्ली को तीस हजारी कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से विधायकों की दो दिन की रिमांड मांगी थी लेकिन कोर्ट ने इसे नहीं माना।

ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान और देवली से विधायक प्रकाश जरवाल पर सोमवार रात को सीएम अरविंद केजरीवाल के घर हो रही बैठक में चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश की पिटाई करने के आरोप हैं। अंशु प्रकाश की शिकायत पर इस मामले में विधायकों खिलाफ आईपीसी के सेक्शन 186, 353, 323, 342, 504, 506 (2) और 120 बी और 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रकाश जरवाल को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात उनके घर से गिरफ्तार किया। वहीं अमानतुल्ला ने खुद ही थाने जाकर सरेंडर कर दिया था।
अमानतुल्लाह और जरवाल दोनों ने ही इस मामले में केंद्र की शह पर उनको राजनीतिक साजिश का शिकार बनाए जाने की बात कही है। अमानत ने सरेंडर करने से पहले कहा कि बेबुनियाद आरोप उनपर लगाए गए हैं, वो निर्दोष हैं और इसीलिए खुद थाने आए हैं। वहीं जरवाल ने कहा है कि चीफ सेक्रेटरी ने उनके लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया है और उनसे बदतमीजी की है।












Click it and Unblock the Notifications