Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें, AQI 349 पहुंचा, बिगड़ने लगा स्वास्थ्य
Delhi Pollution Today: दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 349 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार सुबह 7 बजे तक दिल्ली के विभिन्न इलाकों में एक्यूआई बेहद ख़राब था। अलीपुर में 351, बुराड़ी क्रॉसिंग में 351, डीटीयू में 377 और आईटीओ में 328। कन्नॉट प्लेस, इंडिया गेट और आनंद विहार जैसे इलाकों में धुंआ और स्मॉग की मोटी परत छाई हुई थी।
नागरिकों ने जताई चिंता
गंभीर प्रदूषण के बीच लोग सरकार से समाधान की उम्मीद जताते हुए कह रहे हैं कि स्थिति अब बहुत खराब हो चुकी है। एक साइकिल चालक ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, "प्रदूषण बहुत बढ़ गया है, हम ठीक से सांस भी नहीं ले पा रहे हैं। सरकार को इस बारे में कुछ करना चाहिए। वृद्धों और श्रमिकों के लिए यह स्थिति और भी गंभीर हो गई है, क्योंकि वे काम नहीं कर पा रहे हैं।" वहीं, एक पैदल यात्री ने इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के बढ़ते प्रयोग और पराली जलाने के लिए बेहतर तकनीकों पर ध्यान देने की अपील की।

एक स्कूल छात्र, अमोल ने भी अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "लोगों में जिम्मेदारी की कमी इस स्थिति को और बढ़ा रही है। अगर सरकार बेहतर कदम उठाती तो प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकता था। यहां की धूल भी बड़ी समस्या बन चुकी है। लोग अब इस स्थिति के साथ सामान्य हो गए हैं, जो चिंताजनक है।"
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, AQI
- 0-50: अच्छा
- 51-100: संतोषजनक
- 101-200: मध्यम
- 201-300: खराब
- 301-400: बहुत खराब
- 401-500: गंभीर
ठंडी और शीतलहर का बढ़ता असर
दिल्ली और उत्तर भारत में शीतलहर का प्रभाव बढ़ने लगा है। 29 नवंबर को दिल्ली में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आगामी दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है। शनिवार को हल्का कोहरा बन सकता है, और तापमान क्रमशः 26 डिग्री और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें Cyclone Fengal: छत्तीसगढ़ में फेंगल तूफान का दिखेगा असर, होगी बारिश,पड़ रही है कड़ाके की ठंड
अन्य इलाकों में AQI की स्थिति
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली के अलावा अन्य उत्तर भारतीय शहरों में भी प्रदूषण का स्तर उच्च है। फरीदाबाद में AQI 189, गुरुग्राम में 286, गाजियाबाद में 250, ग्रेटर नोएडा में 287 और नोएडा में 269 दर्ज किया गया।
गंभीर प्रदूषण वाले इलाकों में AQI 400 के पार
दिल्ली के चार इलाकों में AQI 400 से ऊपर के स्तर पर पहुंच चुका है, जिनमें बवाना (404), जहांगीरपुरी (403), मुंडका (409) और शादीपुर (411) शामिल हैं। इन इलाकों में वायु गुणवत्ता इतनी खराब हो चुकी है कि यह स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न कर सकती हैं, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रस्त लोगों के लिए स्थिति चिंताजनक है।












Click it and Unblock the Notifications