'कटौती और सबसे महंगी बिजली', दिल्ली CM की शपथ लेने से पहले आतिशी ने BJP को घेरा, लगाया ये आरोप
Atishi Marlena: मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से ठीक पहले आतिशी मार्लेना (Atishi Marlena) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला। आतिशी ने कहा कि भाजपा दिल्ली में बिजली के दाम बढ़ाना चाहती है।
दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री आतिशी ने शुक्रवार 20 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, 'भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 1 किलोवाट कनेक्शन के दाम 250% और 5 किलोवाट कनेक्शन के दाम 118% बढ़ा दिए हैं। ये वही उत्तर प्रदेश सरकार है जिसने गर्मियों में 8 घंटे बिजली कटौती की थी।'

उन्होंने कहा कि भाजपा का बिजली का मॉडल है 'लंबे बिजली कट और महंगी बिजली', इसीलिए दिल्ली की जनता के लिए बहुत जरूरी है कि वो अरविंद केजरीवाल को दोबारा चुनकर दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाए, वरना जो स्थिति आज हम उत्तर प्रदेश में देख रहे हैं।
वही स्थिति दिल्ली में भी होगी... मैं आज दिल्ली वालों से कहना चाहती हूं कि जब फरवरी में चुनाव होंगे तब आम आदमी पार्टी की सरकार बनाकर अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाएं तभी दिल्ली में 24 घंटे बिजली और सबसे सस्ती बिजली आएगी। आने वाले 4 महीने में जब तक मेरे पास मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है, मैं दिल्ली की जनता की सुरक्षा करने की पूरी कोशिश करूंगी।
इस दौरान आतिशी ने कहा कि दिल्ली में 37 लाख परिवारों का बिजली बिल जीरो आता है। 15 लाख परिवारों को बिजली आधे दाम पर मिलती है। अगर इसे बीजेपी शासित अन्य राज्यों से तुलना करें, तो दिल्ली में सबसे सस्ती बिजली मिलती है। दिल्ली में 400 यूनिट बिजली का बिल 980 रुपए आता है।
वहीं, गुजरात के अहमदाबाद में 2044 रुपए, हरियाणा के गुरुग्राम में 2300 रुपए, उत्तर प्रदेश में 2900 रुपए, मध्य प्रदेश में 3800 रुपए और महाराष्ट्र में 4460 रुपए बिजली का बिल आता है। अब जब दिल्ली में विधानसभा चुनाव हों, तो सभी दिल्लीवाले एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार और अरविंद केजरीवाल को को मुख्यमंत्री बनाएं।












Click it and Unblock the Notifications