AAP ने बीजेपी पर लगाया सिसोदिया की संपत्ति को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप, पीएम मोदी पर बोला जमकर हमला
आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मनीष सिसोदिया की संपत्ति को लेकर बीजेपी भ्रम फैला रही है।
आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर गिरफ्तार आप नेता मनीष सिसोदिया की कुल संपत्ति के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगया है। इस संपत्ति को प्रवर्तन निदेशालय ने एक्साइज पॉलिसी केस के तहत जब्त कर लिया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के शीर्ष नेताओं ने जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके सिसोदिया को बदनाम कर रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि आपकी ED शाम से टीवी चैनलों पर झूठी खबरें चलवा रही है कि मनीष सिसोदिया की 52 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त की गयी। ED ने असल में जो संपत्ति ज़ब्त की है, उसके कागजात ये रहे। टोटल 80 लाख की संपत्ति जब्त की है, वो भी 2018 के पहले की। जब एक्साइज नीति बनी ही नहीं थी। पूरी संपत्ति एक नंबर की है।
आगे उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि लोगों ने कभी सोचा नहीं था कि एक दिन ऐसा आएगा जब भारत जैसे महान देश का ऐसा प्रधानमंत्री मिलेगा जो इस तरह खुले आम झूठ बोलकर अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदियों को खत्म करने की कोशिश करेगा। असली भ्रष्टाचारी कौन हैं, ये आप भी जानते हैं। हिम्मत है तो उन्हें पकड़ कर दिखाइये।
ईडी के दस्तावेजों का हवाला देते हुए दिल्ली की मंत्री आतिशी ने दावा किया कि बीजेपी मनीष सिसोदिया को बदनाम करने के लिए झूठ का एक नया बंडल लेकर आई है। सिसोदिया के पास केवल 81 लाख की संपत्ति है, जिसमें बैंक खाते में 11 लाख रुपये, 5 लाख और 65 लाख के दो फ्लैट शामिल है।
बता दें कि ईडी ने शुक्रवार को दिल्ली एक्साइज शुल्क मामले में 5 आरोपितों से 52.24 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की, जिसमें सिसोदिया की 81 लाख की संपत्ति भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications