अगर अरविंद केजरीवाल हुए गिरफ्तार तो क्या है आप का प्लान बी, सौरभ भारद्वाज ने बताया
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने 30 अक्टूबर को समन भेजा है और उन्हें 2 नवंबर को पेश होने के लिए कहा है। आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि इडी अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकती है।
ऐसे में अगर अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होते हैं तो दिल्ली की सरकार कैसे चलेगी और आम आदमी पार्टी कैसे चलेगी, इसको लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि अगर ऐसा होता है तो पार्टी और सरकार जेल से चलेगी।

भारतीय जनता पार्टी मानती है कि आपके लोगों को, आप के नेताओं को सबको जेल भेज देंगे तो पार्टी कैसे चलेगी, सरकार कैसे चलेगी। मेरा यह कहना है कि अगर सबको जेल में डाल देंगे तो पार्टी और सरकार जेल से चलेगी।
हम लोग तो वो लोग हैं जिन्होंने रामलीला मैदान के संघर्ष से अपनी शुरुआत की है, पार्टी जबतक सत्ता में रही संघर्षरत रही। वो संघर्ष दोबारा करेंगे, सड़कों से करेंगे, जेल से करेंगे, लेकिन दिल्ली के लोगों को मुफ्त पानी, मुफ्त बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य देते रहेंगे।
केजरीवाल अगर जेल जाते हैं तो पार्टी की आगे की क्या रणनीति होगी इसपर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अभी तक हमने इसके बारे में नहीं सोचा है, मुझे नहीं पता है क्या होगा, मुझे नहीं लगता है कि इस बारे में अभी कोई चर्चा भी हुई है। केजरीवाल हमारे नेता हैं और हम उनके मार्गदर्शन में काम करेंगे।
बता दें कि हाल ही में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था। मनीष सिसोदिया कथित आबकारी नीति घोटाले में जेल में बंद हैं। हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications