AAP vs LG: 'अखबार में हर दिन अपना फोटो चाहते हैं एलजी', छठ पूजा को लेकर आम आदमी पार्टी का पलटवार
दिल्ली में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना एक बार फिर आमने-सामने हैं।
आम आदमी पार्टी बनाम दिल्ली के एलजी (Aam Aadmi Party vs Delhi Lt Governor): दिल्ली में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना एक बार फिर आमने-सामने हैं। दरअसल एलजी ने छठ पूजा को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया था। एलजी के इस आरोप पर अब आम आदमी पार्टी ने पलटवार किया है। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि दिल्ली के उपराज्यपाल इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करके अपने पद की गरिमा को कम कर रहे हैं।

'अपने पद की गरिमा को कम कर रहे LG'
एलजी के आरोपों पर आम आदमी पार्टी ने बयान जारी करते हुए कहा, 'माननीय मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली के एलजी ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, हम उसपर कड़ी आपत्ति जताते हैं। हर दिन मुख्यमंत्री केजरीवाल के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर एलजी अपने पद की गरिमा को कम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं, जो लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक अंतर के साथ निर्वाचित हुए हैं। एलजी को कोई अधिकार नहीं है कि वो इस तरह सार्वजनिक तौर पर हर दिन मुख्यमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करें।'

एलजी के दफ्तर ने केजरीवाल को लेकर क्या कहा था?
आम आदमी पार्टी ने आगे कहा, 'दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना सस्ती लोकप्रियता के भूखे हैं और चाहते हैं कि अखबारों में हर दिन उनका नाम छपे।' आपको बता दें कि इससे पहले एलजी के दफ्तर की तरफ से एक बयान जारी करते हुए कहा गया कि उपराज्यपाल ने छठ पूजा को लेकर जो प्रस्ताव दिया था, वो विशेष तौर पर नामित घाटों को लेकर था, लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि यमुना नदी के किनारे कहीं भी छठ पूजा की जा सकती है। एलजी ऑफिस ने कहा कि ऐसा करके सीएम केजरीवाल दिल्ली की जनता को गुमराह कर रहे हैं।

छठ पूजा के लिए 25 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी
गौरतलब है छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार ने बयान जारी करते हुए कहा था कि इस साल 1100 घाट पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा और इसके लिए सरकार ने 25 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी है। इस राशि को छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खर्च किया जाएगा। दिल्ली के राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, 'दिल्ली में बड़ी संख्या में यूपी और बिहार के लोग रहते हैं, जिनकी धार्मिक और आध्यात्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए मैंने यमुना नदी के किनारे विभिन्न घाटों पर छठ पूजा की अनुमति का प्रस्ताव रखा था, जिसे सीएम केजरीवाल ने मंजूरी दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications