पंजाबी बाग में महिला ने पति के साथ मिलकर 2 साल के भतीजे को उतारा मौत के घाट, बाद में नाले में फेंका शव
नई दिल्ली, अगस्त 22। वेस्ट दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में एक 24 साल की महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने 2 साल के भतीजे को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंक दिया। हत्या करने से पहले पति-पत्नी ने बच्चे को कथित रूप से अगवा किया था। पुलिस ने महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।

ईर्ष्या के चक्कर में की हत्या?
आरोपियों की पहचान यमुना और उसके पति राजेश के रूप में हुई है। ये दोनों ख्याला के रघुबीर नगर इलाके में एक झुग्गी में रहते थे। पुलिस ने बताया कि ये दोनों भीख मांगकर अपना गुजारा करते थे। पुलिस ने शनिवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या का मकसद ईर्ष्या था क्योंकि यमुना को लगा कि उसकी मां उससे उतना प्यार नहीं करती, जितना कि बच्चे से करती है।
CCTV फुटेज की मदद से पकड़े गए आरोपी
यमुना ने राजेश की मदद से पहले बच्चे का कथित तौर पर अपहरण किया और फिर उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि बच्चा मर गया था, दंपति ने उसे पंजाबी बाग के गंदा नाला में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को खोज निकाला और गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने 89 नागरिकों और बाढ़ विभाग के 32 कर्मचारियों की मदद से बच्चे के शव को नाले से निकाला।












Click it and Unblock the Notifications