दिल्ली: रास्ता न देने पर डिलीवरी मैन को पीट-पीटकर मार डाला, दोनों आरोपी गिरफ्तार
रास्ता न देने पर दो युवको ने 39 वर्षीय एक डिलीवरी मैन की पीट पीटकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

राजधानी दिल्ली के शादीपुर गांव में दो युवकों ने मामूली विवाद में एक डिलीवरी मैन की पीट पीट कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सेंट्रल दिल्ली स्थित शादीपुर गांव का है, यहां दो युवक मनीष और गोलू कैब से जा रहे थे। वहीं, बाइक सवार 39 वर्षीय पंकज ठाकुर सड़क से गुजर रहे थे। रास्ते में पंकज ठाकुर से रोड साइड देने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इस कदर बढ़ गई कि तीनों लोगों में हाथापाई शुरू हो गई।
आरोपी मनीष (19 साल) और प्रमोद उर्फ गोलू (20 साल) ने डिलीवरी मैन पंकज ठाकुर को तब तक पीटते रहे, जब तक की वो बेहोश नहीं हो गया। पिटाई इस बेरहमी से की गई कि डिलीवरी मैन पंकज ठाकुर को बेसुध हालत में राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, इस पूरे प्रकरण में सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी संजय कुमार सेन ने बताया कि मर्डर केस के दोनों आरोपी मनीष और गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। मनीष कुमार की उम्र 19 साल और लालचंद उर्फ प्रमोद उर्फ गोलू की उम्र 20 साल है। दोनों का मारपीट करते हुए वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है। रविवार को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि मृतक डिलीवरी मैन पंकज ठाकुर के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। जिनका इस घटना के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications