दिल्ली में लगातार 19वें दिन कोरोना से कोई मौत नहीं, सिर्फ 54 नए मामले आए सामने
नई दिल्ली, 10 नवंबर: पूरे देश में त्योहारी सीजन जारी है। बहुत से एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी थी कि दिवाली-छठ पूजा के वक्त कोरोना केस बढ़ सकते हैं, लेकिन राजधानी दिल्ली में हालात अभी नियंत्रण में हैं। इसके पीछे की वजह तेज रफ्तार वैक्सीनेशन को बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में वहां पर 54 नए मामले सामने आए, जबकि 15 मरीजों ने कोरोना को मात दी। राहत की बात ये रही कि दिल्ली में 19वें दिन किसी भी कोरोना मरीज की जान नहीं गई।

बुधवार को मिले नए केस के बाद अब राजधानी में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 14,40,230 हो गई है, जिसमें से 14,14,751 ठीक हो चुके, जबकि 25,091 मरीजों ने अभी तक जान गंवाई। ऐसे में एक्टिव केस की संख्या अभी सिर्फ 388 ही है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से 57900 सैंपल लिए गए थे, जिसमें से 54 ही पॉजिटिव मिले। ऐसे में पॉजिटिविटी रेट 0.009 प्रतिशत हो गया है।
क्या है देश का हाल?
पिछले 24 घंटों में राष्ट्रीय स्तर पर 11466 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा 450 मरीजों की मौत हुई। इसके साथ ही एक्टिव केस घटकर 139683 हो गए, जो बीते 264 दिन में सबसे कम हैं। मौजूदा वक्त में केरल सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, वहां पर 7540 मामले सामने आए। राज्य में एक्टिव केस की संख्या भी 70 हजार के पार है।
डेंगू के केस बढ़े
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में डेंगू के केस पिछले महीने की तुलना में बढ़ गए हैं। इस साल 1 से 6 नवंबर के बीच डेंगू के 1171 मामले सामने आए, जबकि अक्टूबर में 1196 और सितंबर में 217 थे। ILBS के वाइस चांसलर डॉक्टर एसके सरीन ने कहा कि इस साल इनफेक्शन अधिक गंभीर है, जो लोग पहले डेंगू के शिकार हो चुके हैं, वो भी संक्रमित हो रहे हैं। साथ ही अंगों के खराब होने के मामले भी बढ़ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications