GTB अस्पताल में 26 साल के डॉक्टर की कोरोना से मौत, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के कुछ ही घंटों में तोड़ा दम
नई दिल्ली, मई 10। राजधानी दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में 26 साल के एक डॉक्टर की कोरोना के कारण मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, रविवार को डॉक्टर अनस मुजाहिद की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कुछ ही घंटों के अंदर उनकी हालत बिगड़ी और फिर उन्होंने दम तोड़ दिया। अनस की ड्यूटी GTB अस्पताल में ob-gyn वॉर्ड में लगी हुई थी। ड्यूटी के दौरान वो कोरोना संक्रमित हो गए और कुछ ही घंटों के अंदर उनकी मौत हो गई।

शनिवार रात अनस की रिपोर्ट आई थी पॉजिटिव
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के भागीरथी विहार इलाके के रहने वाले अनस ने इसी साल जनवरी में MBBS की पढ़ाई पूरी कर अपनी इंटर्नशिप पूरी की थी। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, अनस मुजाहिद शनिवार दोपहर तक ob-gyn वॉर्ड में ड्यूटी कर रहे थे। रात 8 बजे के करीब उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और रविवार को सुबह 3 बजे इंट्राक्रैनील रक्तबहाव के कारण उनकी मौत हो गई।
सीटी स्कैन में पता चला मौत का कारण
अनस के एक दोस्त के मुताबिक, शनिवार शाम को इफ्तार के लिए वो अपने घर गया था। घर से जब वो होटल वापस आया तो उसने बताया कि उसे बुखार है। तभी उसने रैपिड एंटीजन टेस्ट कराने का फैसला लिया और रिपोर्ट में वो पॉजिटिव निकला। उसी रात अनस को अटैक पड़ा, तुरंत अनस को वॉर्ड में लाया गया, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद अनस का सीटी स्कैन किया गया तो पता चला कि ब्रेन में बड़े स्तर पर ब्लीडिंग स्पॉट हुआ है। इसके बाद अनस को न्यूरोलॉजिकल डिपार्टमेंट में शिफ्ट किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
अनस की मौत से परिवार गहरे सदम में
अनस की मौत से उनका परिवार गहरे सदमे में है। अनस के भाई का कहना है कि उन्हें रविवार सुबह 10 बजे के करीब अस्पताल से फोन आया था। उन्हें इस बात का यकीन ही नहीं हुआ कि उनका भाई अब इस दुनिया में नहीं है। अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुझे अभी तक उनकी मेडिकल रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह अब हमारे साथ नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications