दिल्ली में पिछले 24 घंटे में सामने आए कोरोना के 213 नए मामले, पिछले तीन महीनों में सबसे कम
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 213 नए मामले सामने आए हैं, जोकि पिछले लगभग 3 महीनों में कोरोना के मामलों की सबसे कम संख्या है।
नई दिल्ली, 12 जून। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 213 नए मामले सामने आए हैं, जोकि पिछले लगभग 3 महीनों में कोरोना के मामलों की सबसे कम संख्या है। नए मामलों के साथ दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 14,30,884 हो गए हैं। इस दौरान राजधानी दिल्ली में कोरोना के कारण 28 लोगों की मौत हुई है, जिसके साथ दिल्ली में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 24,800 हो गई है।

पॉजिटिविटी रेट में आई कमी
Recommended Video
राजधानी में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट घटकर 0.30 रह गया है, जो 25 फरवरी के बाद से सबसे कम है। वहीं, पिछल 24 घंटों में कोरोना से 497 लोग ठीक हुए हैं, जिसके बाद दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामले 3,610 रह गए हैं।
यह भी पढ़ें: चीनी शोधकर्ताओं को चमगादड़ों में मिला कोरोना वायरस का नया बैच
पिछले 24 घंटे में हुआ 71,513 का कोविड टेस्ट
राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 71,513 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ, टेस्ट के दौरान 213 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इससे पहले 1 मार्च को दिल्ली में कोरोना के सबसे कम मामले (175) दर्ज किए गए थे।
लॉकडाउन में दी गई ढील
दिल्ली में कोरोना के कारण अप्रैल में लॉकडाउन लगाया गया था। वहीं कोरोना के मामलों में आई कमी को देखते हुए सीएम केजरीवाल ने सोमवार से लॉकडाउन हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुछ पाबंदियों के साथ मॉल्स, बाजार और मेट्रो को खोल दिया गया है। दिल्ली मेट्रो को 10 मई से अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया था, जिसे 50 प्रतिशत क्षमता के साथ दोबारा शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा प्राइवेट दफ्तरों को भी 50% क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications