उत्तराखंड में 13 जुलाई तक बढ़ा कोरोना कर्फ्यू, 50 फीसदी क्षमता के साथ खुल सकेंगे शॉपिंग मॉल
देहरादून, 05 जुलाई: उत्तराखंड में कोरोना कर्फ्यू को 13 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। हालांकि, इस दौरान राज्य सरकार ने कोविड कर्फ्यू में कुछ और ढील दी हैं। राज्य में अब शॉपिंग मॉल 50 फीसद क्षमता के साथ खुल सकेंगे और अब व्यापारिक संगठन अपने हिसाब से एक दिन दुकानें बंद कर सकेंगे। कैबिनेट मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना कर्फ्यू के बाकी नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे। रविवार को साप्ताहिक बंदी जारी रहेगी।

स्विमिंग पूल और सिनेमा हॉल खोलने पर प्रतिबंध जारी
स्विमिंग पूल और सिनेमा हॉल खोलने पर प्रतिबंध जारी रहेगा। अब व्यापारिक संगठन अपने हिसाब से एक दिन दुकानें बंद कर सकेंगे। इसके अलावा राज्य में बाहर से आने वाले लोगों के लिए निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता जारी रहेगी। मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ी इलाकों में जाने के लिए भी निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य रहेगी। अभी प्रदेश में स्कूल नहीं खुलेंगे।
पहले की तरह रविवार को नैनीताल और मसूरी खुले रहेंगे, मंगलवार को बंद
पहले की तरह पर्यटन स्थल नैनीताल और मसूरी रविवार को खुले रहेंगे। रविवार की जगह ये पर्यटन स्थल मंगलवार को बंद रहेंगे। अन्य पर्यटन स्थलों के संबंध में जिलाधिकारी अपने विवेक से निर्णय लेंगे और परिस्थितियों के अनुसार वे अपने जिले के पर्यटन स्थलों को भी रविवार को खुला व मंगलवार को बंद रख सकते हैं। सरकार ने राज्य में स्थित सभी संरक्षित क्षेत्र, टाईगर रिजर्व, चिड़ियाघर व वन विभाग के अधीन आरक्षित वन व अन्य जनता की सुविधा से जुड़ी अवस्थापना को पर्यटन, वन प्रबंधन एवं रख-रखाव के लिए खोल दिया है। प्रदेश में सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक बाजार खुलेंगे। सब्जियां, मिठाई व अन्य दुकानें भी शाम सात बजे तक खुलेंगी।












Click it and Unblock the Notifications