क्या उत्तराखंड के सीएम बने रहेंगे त्रिवेंद्र सिंह रावत? प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने दिया जवाब
देहरादून। उत्तराखंड में उठा सियासी भूचाल अब थमता नजर आ रहा है। उत्तराखंड के भाजपा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने उत्तराखंड की जनता के लिए अच्छा काम किया है। मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए दुष्यंत कुमार ने कहा कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाना ठीक नहीं है।
Recommended Video

उत्तराखंड के भाजपा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने एएनआई न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान साफ तौर पर कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावक क्यों नहीं रहेंगे, क्या कारण है। वो मुख्यमंत्री है, अच्छे मुख्यमंत्री है। कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। उन्होंने अच्छा काम किया है। केंद्र की सारी विकास योजनाओं को नीचे तक पहुंचाने का काम किया है। कहा कि पहला राज्य हमारा ऐसा है जिसमें आयुष्मान कार्ड उत्तराखंड के हर व्यक्ति को मिला हुआ है। एक रुपए में पानी का कनेक्शन हम दे रहे है। तो उनकी कार्यशैली पर प्रश्न उठाना मुझे लगता है ठीक नहीं हैं।
जेपी नड्डा के साथ 50 मिनट चली बैठक
उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सोमवार (08 मार्च) को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। यहां नड्डा से उनकी मुलाकात करीब 50 मिनट से अधिक चली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सारे सियासी घटनाक्रम के बारे में चर्चा की। इसी बीच भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
नहीं बुलाई गई कोई बैठक
विधायक दल की बैठक की कोई आधिकारिक बैठक नहीं बुलाई गई है। प्रदेश प्रवक्ता व विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा में सांसद, विधायक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में किसी भी प्रकार से कोई गतिरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि, पार्टी के सभी नेता एकजुट होकर डबल इंजन सरकार को मजबूती देने के लिए कार्य कर रहे हैं। भाजपा का कोई भी विधायक असंतुष्ट नहीं है और सभी विधायक सरकार के साथ खड़ें हैं। मुख्यमंत्री पद किसको बैठाना है या हटाना है यह संसदीय बोर्ड की बैठक और पार्टी हाईकमान का फैसला होता है। फिलहाल, सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की कुर्सी को कुछ भी खतरा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications