कमलनाथ को झटके पर झटका, अब छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहांके नेे थामा BJP का दामन
Lok Sabha Election 2024: मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। खासतौर पर छिंदवाड़ा में कमलनाथ के करीबी नेता एक के बाद एक कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
पिछले करीब 10 दिनों में 100 से अधिक छिंदवाड़ा के कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अब एक बार फिर कांग्रेस और खास तौर पर कमलनाथ को बड़ा झटका छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहांके ने दिया है।

दरअसल पिछले दिनों अमरवाड़ा विधायक ने भाजपा में शामिल हुए थे। अब नकुलनाथ के बेहद करीबी माने जाने वाले विक्रम अहांके ने भी लोकसभा चुनाव से पहले नाथ परिवार का साथ छोड़ दिया है।
बता दें कि जब कमलनाथ की बीजेपी में जाने की खबरें थी तब विक्रम ने भी उन खबरों को सही बताया था, इसके अलावा विक्रम खुद नकुलनाथ का लोकसभा चुनाव का पर्चा भरवाने साथ पहुंचे थे।
छिंदवाड़ा में जिस तरह से कांग्रेस में लगातार टूट देखने को मिल रही है, इससे साफ हो गया है कि इस बार का चुनाव न तो कमलनाथ और नकुलनाथ के लिए आसान है और न ही कांग्रेस के लिए, क्योंकि कमलनाथ को छिंदवाड़ा से कई बड़े झटके लग चुके हैं। दीपक सक्सेना ने भले ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल न हुए हो पर कांग्रेस से इस्तीफ दे दिया है।
सोमवार को छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहांके, सभापति प्रमोद शर्मा ने बीजेपी ज्वाइन कर ली है। भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं वीडी शर्मा ने पार्टी ज्वाइन करने पर उनका स्वागत किया। बता दें की छिंदवाड़ा नगर निगम कांग्रेस के पास थी। अब पूरी तरह भाजपा के कब्जे में आ गई है।
बता दें कि छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से इस बार कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले 4 दशक से यह सीट नाथ परिवार का गढ़ बनी हुई है।
भारतीय जनता पार्टी ने यहां से विवेक साहू को प्रत्याशी बनाया है, लेकिन, वर्तमान स्थिति देखी जाए तो कांग्रेस की स्थिति यहां काफी कमजोर हुई है। पहले इसी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली अमरवाड़ा विधानसभा से विधायक कमलेश शाह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।
अब महापौर विक्रम अहांके ने भी कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। इसका असर आगामी चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पड़ना तय माना जा रहा है। क्योंकि आदिवासी समाज पर विक्रम का असर काफी है।












Click it and Unblock the Notifications