Chhindwara: कमलनाथ कह रहे हैं कि 45 साल की तपस्या है, ये तपस्या नहीं छिंदवाड़ा के लिए समस्या है- CM मोहन यादव
Chhindwara Lok Sabha: सीएम ने कहा कि 45 वर्षों से छिंदवाड़ा को गुलाम बनाकर रखा है। जिस तरह से कांग्रेस सिर्फ एक ही परिवार की जागीर बनकर रह गई है उसी तरह से छिंदवाड़ा को भी एक ही परिवार ने अपनी गुलामी की जंजीरों में जकड़ रखा है, लेकिन अब छिंदवाड़ा की जनता समझदार हो गई है। वह अपना अच्छा क्या है और बुरा क्या है सब जानती है।
कमलनाथ कहते हैं कि वे छिंदवाड़ा में 45 वर्षों से तपस्या कर रहे हैं, लेकिन वे छिंदवाड़ा के लिए तपस्या नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे तो यहां के लिए समस्या बन गए हैं। कांग्रेस तो हमेशा से झूठ बोलकर ही राज करती रही है। झूठ बोलना तो इनके खून में ही शामिल है। छिंदवाड़ा आकर इतना आनंद आ रहा है, मन इतना खुश है और लग रहा है कि हमारी तो रामनवमीं, होली, दीवाली सब बन गई है।

यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्री विवेक साहू के समर्थन में दमुआ, जुन्नारदेव, परासिया के चांदामेटा में रोड शो एवं जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद पटैल ने नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव विधानसभा के मुंगवानी में भी सभा को संबोधित किया।
छिंदवाड़ा में फैले कीचड़ में खिलता दिख रहा है कमल
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा में 45 वर्षों से फैले कीचड़ में इस बार कमल का फूल खिलता दिखाई दे रहा है। छिंदवाड़ा आकर इतना आनंद आ रहा है और आप सभी को देखकर ऐसा लग रहा है कि कोई बड़ा समुद्र हिलोरे ले रहा हो। सबकी उपस्थिति से निश्चित रूप से इस बार छिंदवाड़ा में कमल का फूल ही खिलेगा। उन्होंने कहा कि अब छिंदवाड़ा की जनता सब समझ गई है कि उन्हें अब तक झूठ बोलकर पागल बनाया जाता रहा है। अब छिंदवाड़ा के लोग क्यों जीवनभर किसी के गुलाम बनकर रहे। वे भी गुलामी से बाहर आना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि एक तरफ कमलनाथ कहते हैं कि वे 45 वर्षों से छिंदवाड़ा का विकास कर रहे हैं, लेकिन यहां की 35 खदानें बंद हो गईं हैं। रहने के लिए क्वार्टर नहीं हैं। छिंदवाड़ा और प्रदेश की जनता ने वर्ष 2018 में कांग्रेस को मौका दिया। 15 माह तक सरकार रही, लेकिन मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ यहां की खदानों को चालू नहीं करवा सके। अब यह कलंक किसके माथे पर है।

इन्हें उठाते-उठाते लोगों के कंधे टूट गए
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा के लोगों के 45 सालों में इन्हें उठाते-उठाते कंधे तक टूट गए हैं, लेकिन इन्होंने उन लोगों की सुध तक नहीं ली। क्या छिंदवाड़ा में एक ही परिवार है, जिसको राजनीति करने का अधिकार है? क्या छिंदवाड़ा सिर्फ एक ही परिवार की जागीर बनकर रह गया है। भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता है, यहां पर कार्यकर्ताओं को भी उनका अधिकार मिलता है। वे छिंदवाड़ा की जनता से झूठ बोलकर पहले खुद सांसद बनते रहे, फिर परिवारवाद शुरू कर दिया।
कांग्रेस झूठ बोलकर वर्षों तक आपस में लड़ाती रही
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग वर्षों तक झूठ बोलकर देश-प्रदेश में राज करते रहे। ये झूठ बोलकर सरकार बनाते रहे। आजादी के समय इन्होंने हिन्दुस्तान-पाकिस्तान का बंटवारा करवाया। आजादी के बाद मंदिरों के नाम पर हिन्दू-मुसलमानों को लड़ाते रहे। वर्षों से हमारे देश में भी मंदिरों में नामों पर हिन्दू-मुसलमानों को लड़ाते रहे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हमारे देश में तो राम और रसखान की पुरानी परंपरा थी, लेकिन कांग्रेस के लोग तो हमारे आराध्य श्रीराम मंदिर पर ही प्रश्न खड़ा करते रहे। वे कहते रहे कि श्रीराम मंदिर बनेगा तो देश के हालात बिगड़ जाएंगे, दंगे होंगे, लेकिन सबने देखा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद क्या हिन्दू और क्या मुसलमान, सभी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और आज श्रीराम मंदिर बनकर तैयार भी हो गया। पिछले 10 वर्षों में एक बार भी दंगा या देश में ऐसे हालात नहीं पैदा हुए, जिससे किसी को कोई परेशानी आए। कांग्रेस के लोग चिल्लाते थे कि देश में यदि मोदीजी आएंगे तो देश की हालात बिगड़ जाएगी, लेकिन आज देश की हालत दुनिया के नक्शे में शक्तिशाली, समृद्धशाली, वैभवशाली देश की हो गई है।

पाकिस्तान ने भी की थी गलती, सिखाया सबब
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि पाकिस्तान ने भी पहले गलती की थी। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी ने पाकिस्तान के घर में घुसकर उसे सबक सिखाया है। पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राईक की। एयर स्ट्राईक की। अब भारत में फूटने वाले बम, गोले बंद हो गए हैं। एक तरफ पाकिस्तान था, जो अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था, तो दूसरी तरफ बांग्लादेश जैसा देश भी है। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लिए राखी भेजती हैं तो प्रधानमंत्री भी उनके लिए साड़ी भेजते हैं।
अब गरीबों के लिए भी मिलेगा हेलीकाप्टर
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा से भी एक हेलीकाप्टर उड़ता है, लेकिन वह हेलीकाप्टर किसी गरीब के लिए नहीं उड़ता है। वह हेलीकाप्टर तो छिंदवाड़ा के लोगों की कमाई से उड़ता है, लेकिन अब गरीबों के लिए भी हेलीकाप्टर की व्यवस्था देश और प्रदेश की भाजपा सरकार कर रही है। हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि यदि किसी गरीब को बीमार होने, एक्सीडेंट होने पर एयर एम्बुलेंस की जरूरत पड़ेगी तो उसे सरकार एयर एम्बुलेंस से बड़े शहर के अस्पताल तक छोडने का काम करेगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी देश की गरीब जनता को पक्का मकान बनाकर दे रहे हैं, घर-घर तक नल-जल योजना के द्वारा पानी पहुंचा रहे हैं। हर गरीब को आयुष्मान कार्ड देकर निःशुल्क इलाज की सुविधाएं दे रहे हैं, महिलाओं की आंखें नहीं जले इसके लिए उन्हें गैस सिलेंडर दे रहे हैं। गरीबों का यह दर्द गरीबी देखने वाला ही समझ सकता है। ऐसी गरीबी हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी ने भी देखी है। उन्होंने भी रेलवे स्टेशन पर चाय बेची है।












Click it and Unblock the Notifications