Chhindwara: ‘Hello मैं पतंजलि योग ग्राम से बोल रहा हूं..’, और शातिर ने जज को ही ठग लिया, पुलिस में केस दर्ज
एमपी के छिंदवाड़ा में साइबर ठग ने अब जज को अपना शिकार बनाया। इलाज के नाम पर पतंजलि योग ग्राम के नाम से फोन कर 22 हजार 700 रुपए का चूना लगाया हैं। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है।

Cheating with Chhindwara Court judge: शातिर ठगों को किसी की भी न तो परवाह है और न ही कोई खौफ। नामी गिरामी स्थापित कंपनियों और संस्थाओं के नाम से लोगों को फोन कर उनसे रकम एंठने में लगे हैं। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। इस बार शातिर ठग गिरोह ने एक न्यायधीश को अपना शिकार बनाया। पुलिस में धोखाधड़ी के दर्ज हुए केस में आरोपी ने पतंजलि योग ग्राम के नाम से फोन किया था।

एमपी के छिंदवाड़ा में पुलिस उस वक्त हैरान रह गई, जब ठगी का शिकार हुए एक न्यायधीश की शिकायत पहुंची। शिकायत में बताया गया कि मोबाइल नंबर 9748066851 से एक शख्स ने पतंजलि योग ग्राम के नाम से कॉल किया। मीठी-मीठी चुपड़ी बाते करते हुए कॉल करने वाले व्यक्ति ने शिविर के माध्यम से उपचार होने का दावा किया। उसने बीमारी के उपचार की पूरी प्रक्रिया बताई। साथ में शिविर में शामिल होने के लिए 22 हजार 700 रुपए एडवांस जमा करने की शर्त रखी। शिकायतकर्ता न्यायधीश शातिर शख्स की बातों में ऐसे उलझे कि उन्होंने राशि का एक मुश्त पूरा भुगतान कर दिया।

पुलिस के मुताबिक शातिर व्यक्ति ने ऑनलाइन राशि ट्रांसफर करवाने के बाद एक टिकट नंबर यह कहकर भेजा कि इसी से उन्हें शिविर में उपचार मिलेगा। जिससे शिकायतकर्ता के परिवार को भी पूरा भरोसा हो गया था कि कॉल करने वाला व्यक्ति सही है। लेकिन कुछ दिन बाद अचानक टिकट रिजेक्ट होने का मोबाइल पर मैसेज आ गया। जिसके बाद संबंधित व्यक्ति के आए नंबर पर जब वापस कॉल किया, तो नंबर बंद हो गया। इस बारे में जब पतंजलि योग ग्राम केंद्र में भी संपर्क साधा गया तो वहां से ऐसी किसी भी तरह की प्रक्रिया से इंकार कर दिया गया। पुलिस ने संबंधित न्यायधीश की शिकायत पर अज्ञात शख्स के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी का पता किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications