छिंदवाड़ा की कट्टा नदी में 5 लोगों से भरी कार नदी में गिरी, चार को सुरक्षित बाहर निकाला, एक की तलाश जारी
मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में लगातार 48 घंटे से बारिश होने के कारण कई नदियां उफान पर है। जिले के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र की कट्टा नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक कार बह गई। यह सभी श्रद्धालु नागपुर के प्रसिद्ध नगधारी मेले में जा रहे थे।
प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र से नागद्वारी मेला जा रही एक कार रविवार की सुबह जिले की तहसील जुन्नारदेव के अंतर्गत थाना दमुआ क्षेत्र में बिचबेहरी और झापिया पंचायत के बीच बहने वाली कट्टा नदी में बह गई थी। कार में सवार सभी 05 श्रद्धालु महाराष्ट्र राज्य के हैं, जिनमें से 04 सुरक्षित पानी से बाहर हैं। एक श्रद्धालु कार सहित पानी में बह गए हैं, जिन्हें ढूंढने के लिए रेस्क्यू कार्य लगातार जारी है।

कलेक्टर शीलेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री घटना की जानकारी लगते ही मौका स्थल पर पहुंच गए थे। दोनों की मौजूदगी में पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और जिला होमगार्ड की टीम लगातार नदी में बह गए श्रद्धालु को ढूंढने का प्रयास कर रही है। कलेक्टर ने जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी कार्यपालिक अधिकारियों को नदी-नालों की सतत निगरानी करने और बाढ़ की स्थिति में पुल - पुलियों से आवागमन न होने देने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही आवश्यक बैरिकेडिंग करने और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए है।

कब हुआ ये हादसा
सुबह करीब 8 बजे के आसपास जुन्नारदेव से 25 किलोमीटर दूर कट्टा नदी उफान पर थी और पुल से ऊपर बह रही थी। इसी समय, महाराष्ट्र पासिंग बलेनो कार में सवार 5 श्रद्धालु पुल पार करने की कोशिश कर रहे थे। तेज बहाव के कारण कार नदी में बह गई। इस हादसे में 4 युवक तैरकर बाहर आ गए, लेकिन 1 युवक लापता है, जिसकी तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications