छत्तीसगढ़ः बहू के साथ हो रहा था झगड़ा तो नशे में दादी ने 4 माह की पोती को पटक कर मार डाला
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बहू के साथ चल रहे विवाद के चलते नशे में दादी ने 4 माह की पोती को पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी दादी को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया। घटना विश्रामपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सलना के ठेंगापारा की है।

बहू के सामने पोती को पटक दिया
बहू के साथ तनाव के चलते हत्यारोपित सास रुक्मणी यादव (45 वर्ष)ने बहू के सामने ही पोती को पटक दिया। बहू ने बेटी को बचाने की कोशिश भी की लेकिन अचानक हुई घटना से वह बेटी को बचाने में सफल नहीं हो पाई। बच्ची जब काफी जोर-जोर से रोई तो उसे उसकी मां ने सीने से लिपटा लिया तथा अपने साथ सुलाई किंतु उसे यह पता नहीं था कि चोट की वजह से बच्चे की मौत हो जाएगी।

अगले दिन बच्ची की हुई तबीयत खराब
घटना के वक्त आरोपी महिला का बेटा और पति दोनों ही मौजूद थे। लेकिन वे कुछ दूर किसी काम में व्यस्त थे। मंगलवार सुबह 4 बजे के आसपास बच्ची की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विश्रामपुरी में ले गए, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया।आसपास के लोगों ने बताया कि उक्त आरोपी महिला शराब के नशे की आदी थी

नशे की आदी थी महिला
आए दिन नशे में होने के कारण बहू से लड़ती-झगड़ती थी। आरोपी महिला के इस प्रकार के व्यवहार से घर वालों के साथ-साथ आस पड़ोस के लोग भी काफी परेशान रहते थे। घटना के दिन भी सास-बहू के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। इसी बीच आवेश में आकर आरोपित दादी ने घटना को अंजाम दिया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications