Chhattisgarh: अस्तित्व में आया सारंगढ़-बिलाईगढ़, नए जिले में CM भूपेश बघेल का भव्य रोड शो, देखिए तस्वीरें
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश ने शनिवार को प्रदेश के दो और नये जिलों का शुभारंभ किया । इसके साथ ही राज्य के 30 वें जिलेे सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा 31वें जिले के रूप में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अस्तित्व में आ गया।
रायगढ़, 3 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश ने शनिवार को प्रदेश के दो और नये जिलों का शुभारंभ किया । इसके साथ ही राज्य के 30 वें जिलेे सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा 31वें जिले के रूप में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अस्तित्व में आ गया। सबसे पहले सीएम भूपेश बघेल सारंगढ़ पहुंचे,जहां नए जिले में उन्होंने शानदार रोड शो करके जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री भूपेश के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ पहुंचे पर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री के स्वागत में युवाओं ने बाइक रैली निकाली और स्कूली बच्चों ने करमा लोकनृत्य किया। मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान उनके स्वागत में सड़क के दोनों ओर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिली। रोड शो के दौरान नृत्यश्री धारा इंस्टीट्यूट, रायपुर के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा करमा लोकनृत्य के मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ मुख्यमंत्री को बेंगलुरु में कांजीवरम सिल्क से निर्मित और तिरुपति बालाजी मे चढ़ाए गए मुकुट और साल भेंट किया गया।

सीएम को व्यंजनों से तौला गया
मुख्यमंत्री भूपेश का राइस मिल एसोसिएशन, मुस्लिम जमात, चंद्रनाहु (चंद्रा) समाज, प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई द्वारा पुष्प माला और गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। उन्हें विभिन्न संगठन पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनो अइरसा, कुर्मी, ठेठरी, गचकुलिया और केलों से भी तौला गया। मुख्यमंत्री बघेल रोड शो के दौरान गुरु घासीदास पुष्प वाटिका पहंुचे। वहां उन्होंने संत गुरू घासीदास के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर जैतखाम में ध्वजारोहण किया। गौरतलब है कि गुरु घासीदास पुष्प वाटिका सारंगढ़ क्षेत्र मे सतनाम समाज का पहला जैतखाम है। सारंगढ़ प्रदेश़ के नव गठित 30 वां जिला है।

दुकानों, घरों के बाहर लिखा पान, पानी , पालगी
सारंगढ़ जिला बनने से यहां के लोग बेहद खुश हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत के लिए अपने प्रतिष्ठानों को सजाकर रखे थे। और दुकानों में लिखा था कि पान, पानी और पालगी। इस बारे में पूछने पर यहां के बड़े बुजुर्ग बताते हैं कि ये लाइन सारंगढ़ की पहचान हैं । पहले यहां पान के बहुत शौकीन थे और यहां पर कई जगह पान की खेती भी होती है । इसके अलावा यहां बहुत से तालाब हुआ करते थे जिससे यहां पानी की कभी कमी नहीं हुई ।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति में बड़ों का सम्मान स्वरूप प्रणाम करने पर पालगी कहते हैं । इस प्रकार पान , पानी और पालगी सारंगढ़ के लोगों की पहचान और हमारी जीवन शैली का अहम हिस्सा बन चुका है । इसलिए हम लोगों ने अपने मुखिया के स्वागत में सारंगढ़ की पहचान बन चुकी इन पंक्तियों को लिखकर रखा है ।

540 करोड़ 32 लाख 98 हजार रुपये की सौगात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 3 सितम्बर को नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ वासियों को 540 करोड़ 32 लाख 98 हजार रुपये की लागत के 46 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी । जिसमें 28 करोड़ 3 लाख 1 हजार रुपए की लागत से निर्मित 20 कार्यों का लोकार्पण एवं 512 करोड़ 29 लाख 97 हजार रुपये की लागत से बनने वाले 26 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
सारंगढ़ में 27 करोड़ 76 लाख 26 हजार रुपये की लागत से 12 लोकार्पण एवं 484 करोड़ 82 लाख 39 हजार रुपये की लागत से 12 भूमिपूजन कार्य शामिल है। इसी तरह बिलाईगढ़ में 26 लाख 75 हजार रुपये की लागत से 8 लोकार्पण एवं 27 करोड़ 47 लाख 58 हजार रुपये की लागत से 14 भूमिपूजन कार्य शामिल है।

जानिए सारंगढ़ के बारे में
नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ का जिला मुख्यालय सारंगढ़, रायगढ़ से रायपुर राष्ट्रीय राज्य मार्ग क्रमांक 200 पर स्थित है। यहां रियासत कालीन समय से हवाई पट्टी स्थित है। जिला मुख्यालय सारंगढ़ छत्तीसगढ़ गठन के पूर्व से तहसील मुख्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुख्यालय है।
ज्ञात हो कि बिलासपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले जिला रायगढ़ के उप खण्ड सारंगढ़, तहसील सारंगढ़ एवं बरमकेला तथा रायपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के उप खण्ड-बिलाईगढ़ तथा तहसील बिलाईगढ़ को शामिल करते हुए नये जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ का गठन किया गया है, जिसमें तीन तहसील सारंगढ़, बरमकेला एवं बिलाईगढ़ एवं उप तहसील कोसीर तथा भटगांव शामिल होंगे। नवगठित जिले में तीन जनपद पंचायत सारंगढ़, बरमकेला व बिलाईगढ़ शामिल हैं। इस नवगठित जिलेे की सीमाएं उत्तर में रायगढ़, दक्षिण में महासमुंद जिले तथा पूर्व में उड़ीसा के बरगढ़ और पश्चिम में बलौदा बाजार तथा उत्तर-पश्चिम में जांजगीर-चाम्पा जिले से लगी हुई है।
यह भी पढ़ें झारखंड का झमेला:क्या छत्तीसगढ़ में पड़ सकता है ED और Income Tax का छापा ? CM भूपेश अलर्ट












Click it and Unblock the Notifications