Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में बोले सचिन पायलट, कहा-'सरकार बने 7 महीने हुए, कानून व्यवस्था चरमरा गई'
Chhattisgarh News: कांग्रेस महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट बुधवार को सुबह रायपुर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रभारी सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विधानसभा के घेराव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, सुबोध हरितवार, विकास तिवारी और अन्य नेताओं ने सचिन पायलट का स्वागत किया है।
सचिन पायलट ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज विधानसभा के घेराव का ऐलान किया है। पूरे प्रदेश से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता विधानसभा का घेराव करेगी।

इस दौरान कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि क्योंकि हम विपक्ष में हैं। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम गृहमंत्री और मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। आपने अब तक क्या किया। अपराध कहीं भी हो सकता है। लेकिन सरकार, पुलिस और प्रशासन का कर्तव्य लोगों के बीच विश्वास पैदा करना और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार बने सिर्फ 7 महीने हुए हैं। आंकड़े बताते हैं कि कानून व्यवस्था चरमरा गई है। नक्सली घटनाएं हो रही है। अत्याचार, मर्डर, फायरिंग आदि हो रहे हैं। इसे काबू करने के लिए सरकार ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए हैं। ऐसे में सरकार को सचेत करना हमारी जिम्मेदारी बनती है।
बजट को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि बजट में छत्तीसगढ़ राज्य को कुछ नहीं मिला। आज हमने पूरे प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया था कि हम बढ़ती हुई महंगाई और लचर कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की नींद खोलने का काम करेंगे। मुझे खुशी है कि सरकार के रोकने के बावजूद हजारों लोग यहां आए और हमने सरकार की नींद खोलने का काम किया है।
आपको बता दें कि सचिन पायलट राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री हैं। सचिन पायलट अभी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ के प्रभारी हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा विधानसभा घेराव के लिए सचिन पायलट राज्य के दौरे पर हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications