रायपुर में 1 लाख अनियमित कर्मचारी हड़ताल पर, राज्य सरकार से कर रहे हैं यह मांग
रायपुर, जून 03। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को 1 लाख से अधिक कॉन्ट्रैक्ट बेस कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसकी वजह से राज्य में सेवाओं में हाहाकार मच सकता है। दरअसल, हड़ताल पर जानेवाले सभी कर्मचारी अनियमित हैं और खुद को परमानेंट किए जाने की मांग कर रहे हैं। इन कर्मचारियों की राज्य सरकार से मांग है कि वो अपने चुनावी वादे को पूरा करे और हमें नियमित किया जाए।

1 साल में नियमित किए जाने का किया था वादा
इन कर्मचारियों की मांग है कि हमें 1 साल बाद नियमितीकरण देने का वादा किया गया जो आज तक पूरा नहीं हुआ। पिछले 3 साल में नियमितीकरण के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट पूरी नहीं हुई है। आपको बता दें कि कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनाव में वादा किया था कि अनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।
मांग पूरी नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
कांग्रेस पार्टी के इस चुनावी वादे को लेकर अब छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के बैनर तले रायपुर में शुक्रवार को 1 लाख से अधिक कर्मचारी धरने पर बैठेंगे। संगठन के संयोजक गोपाल साहू ने बताया कि हम इस हड़ताल के माध्यम से सरकार को यह चेतावनी दे रहे हैं कि समय-सीमा में अगर अनियमित कर्मचारियों को नियमित नहीं किया तो 1 सितम्बर से पूर्ण कामबंदी के साथ अनिश्चित कालीन आन्दोलन होगा।
36 से अधिक संगठन हैं हड़ताल में शामिल
संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष रवि गडपाले ने कहा है कि चेतावनी सभा को 36 से अधिक अनियमित कर्मचारी संगठन के लाखों कर्मचारी एक दिन की छुट्टी लेकर ज्वाइन करेंगे। छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ की तरफ से तमाम पदाधिकारियों ने साझ़ा बयान देकर कहा है कि कहा कि हम चेतावनी देने जा रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस पार्टी का 10 दिन में नियमितीकरण का वादा था, जो अब साढ़े 3 साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं हुआ।












Click it and Unblock the Notifications