Lok Sabha Chunav Result: राजनांदगांव में बदल दी ईवीएम, मतगणना से पहले भूपेश बघेल ने लगाया बड़ा आरोप
Chhattisgarh Lok sabha Election Results: छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से सबसे अधिक चर्चित राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रत्याशी हैं। तमाम सीटों की भाँति यहां भी आज सुबह बह आठ बजे से शुरू हो गई है। इसी बीच मतगणना से पहले भूपेश बघेल ने चुनाव आयोग पर ईवीएम बदलने का आरोप लगाया है।
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने चुनाव आयोग से बैलेट और कंट्रोल यूनिट का नंबर साझा कर शिकायत की है। बघेल की शिकायत पर निर्वाचन आयोग ने अपना जवाब भी दे दिया है। आयोग ने कहा है कि, तकनीकी खराबी की वजह से मशीनें बदली गई हैं। ईवीएम बदलने की जानकारी प्रत्याशी को पूर्व से दी गई है, किंतु भूपेश बघेल ने आयोग के जवाब पर असहमति जताई है। इधर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने भी यह मुद्दा चुनाव आयोग के समक्ष उठाया है।

भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि चुनाव आयोग ने चुनाव में प्रयुक्त होने वाली मशीनों के नंबर दिए थे। इसमें बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट शामिल है।
मेरे चुनाव क्षेत्र राजनादगांव मतदान के बाद फ़ॉर्म 17सी में जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार बहुत सी मशीनों के नंबर बदल गए हैं। जिन बूथों पर नंबर बदले हैं उससे हज़ारों वोट प्रभावित होते हैं। और भी कई लोकसभा क्षेत्रों में यही शिकायतें मिली हैं। हम राज्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत कर रहे हैं।
चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए कि किन परिस्थितियों में मशीनें बदली गई हैं और चुनाव परिणाम पर होने वाले असर के लिए कौन ज़िम्मेदार होगा? बदले हुए नंबरों की सूची बहुत लंबी है पर एक छोटी सूची आप सबके अवलोकनार्थ संलग्न है।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल के आरोप का चुनाव आयोग ने जवाब दिया,तो भूपेश ने असहमति व्यक्त करते हुए कहा कि अफ़सोस है कि चुनाव आयोग आप जो कह रहे हैं वह तथ्यात्मक रूप से ग़लत है। निर्वाचन आयोग की ओर से पोलिंग मशीन के बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और VVPAT के नंबर Randomization Report में दिए गए। आयोग द्वारा मॉक पोल के दौरान निरस्त की गई / नई मशीनों की जानकारी के नंबर दिये गए।आयोग द्वारा डिटेल्ड कमिशनिंग रिप्लेस्ड रिपोर्ट में बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और VVPAT के नंबर दिए गए। चुनाव के बाद में फॉर्म 17 C में मशीनों के नंबर दिए गए।
सीएम भूपेश बघेल ने आगे लिखा कि आयोग द्वारा एक ही बूथ जहां न ही मशीन बदली गई न ही निरस्त की गई वहाँ के लिए ( Randomization Report और फॉर्म 17 C में ) दो अलग अलग नंबर दिए गए हैं। बताइए इसके सही किसे माना जाए ? एक बूथ पर दो नंबर के मशीन कैसे हो सकते हैं?
ज्ञात हो कि राजनांदगांव लोकसभा सीट पर कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस पार्टी के बीच ही है। भाजपा की तरफ से मौजूदा सांसद संतोष पांडे चुनाव लड़ रहे हैं,जबकि कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मैदान में उतार कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications