धमतरीः मछली पकड़ने के दौरान शोर करने पर दोस्तों ने युवक को बेरहमी से मार डाला, एक साल बाद हुआ खुलासा
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक साल पूर्व हुए एक हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी आरोपी मृतक के दोस्त हैं। दोस्तों ने ही युवक की लकड़ी के बेंत से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद भाग निकले। करीब एक साल बाद इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ सकी।

पुलिस के मुताबिक, रुद्री रोड पर जैन सुपर मार्केट के सामने नाले में सितंबर 2019 में एक युवक घायल अवस्था में मिला था। लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन मौत हो गई। पोस्टमार्टम में पता चला कि युवक की हत्या हुई है। शव की शिनाख्त अर्जुनी निवासी गोविंद यादव पुत्र गिरधारी लाल यादव के रूप में हुई।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान पता चला कि घटना वाले दिन मोहल्ले के ही मुकेश यादव, धर्मेंद्र ढीमर, लोकेश नगारची, गिरधर विश्वकर्मा और हेमंत यादव पूरे दिन गोविंद के साथ थे। इस पर पुलिस ने उनकी डिटेल जुटाई और सभी से अलग-अलग पूछताछ की। पहले तो गुमराह करते रहे, फिर वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों ने बताया कि गोविंद को बाइक पर बिठाकर नाले में मछली मारने गए थे। शराब के नशे में गाली-गलौच करने लगा। शोर करने से मछलियां नहीं पकड़ में आ रहीं थी। आरोपियों ने गोविंद से मारपीट की और गुस्से में मुकेश ने वहीं पड़े लकड़ी के बेंत से उसके सिर पर वार कर दिया। इसके बाद उसका मोबाइल लेकर भाग निकले। पुलिस ने मोबाइल और बाइक बरामद कर ली।












Click it and Unblock the Notifications