कैबिनेट मंत्री गुरु रूद्रकुमार की मांग ,मूणत पर दर्ज हो एस्ट्रोसिटी एक्ट के तहत मुकदमा
रायपुर, 07 फरवरी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री राजेश मूणत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री गुरु रूद्र कुमार ने खुद मूणत के खिलाफ एस्ट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराए जाने की मांग की है। मामला हाल ही में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुए झंडा विवाद से जुड़ा हुआ है।

मूणत के ऊपर हो एस्ट्रोसिटी एक्ट तहत मुकदमा दर्ज:मंत्री गुरू रूद्र कुमार
सोमवार को छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में कैबिनेट मंत्री गुरू रूद्र कुमार, आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष जनक राम ध्रुव, प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला और कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने साझा तौर पर पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। पत्रकारवार्ता के दौरान प्रदेश के मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने पत्रकारों को संबोधित करते हुये कहा कि मैं मंत्री की हैसियत से नहीं जगत गुरू की हैसियत से यहां बात करने आया हूं। भाजपा नेता राजेश मूणत ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के दो युवकों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट करने के दौरान युवकों से उनका नाम पूछ कर नाम बताने के बाद भी गाली देने के साथ, उन्हें मारा पीटा गया, इसलिए राजेश मूणत के ऊपर एससी, एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जानी चाहिए।
सतनामी पंथ के धर्मगुरु और भूपेश सरकार के मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने कहा कि घटना वाले दिन हमारे निवास पर मुंगेली के दो युवक अपने कुछ काम से मेरे जेल रोड निवास में मुझसे मिलने आये थे, इस दौरान वह बंगले के बाहर खड़े हुए थे। दोनों युवक अनुसूचित जनजाति वर्ग के हैं और मैं समाज का धर्म गुरू होने के साथ सरकार में मंत्री भी हूं। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने बिना पूछे कि यह लोग कौन हैं? क्यों खड़े हैं? सिर्फ काला कपड़ा पहनने के कारण उनके साथ मारपीट और गाली गलौज की, जो एक अपराध है।

भाजपा के बड़े नेताओं ने अपने राजनैतिक दल की मर्यादा का भी उल्लंघन किया:मंत्री गुरु रुद्र कुमार
मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने कहा कि युवकों ने पूर्व मंत्री राजेश मूणत को बताया भी था कि मुझसे मिलने आये हैं, उसके बाद भी उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट की जो भाजपा की अनुसूचित जाति विरोधी मानसिकता को प्रदर्शित करता है। भूपेश सरकार के मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने आगे कहा कि क्या केवल दो युवक केंद्रीय मंत्री का विरोध करने आयेंगे यह सामान्य बात है। भाजपा के बड़े नेताओं ने अपने राजनैतिक दल की मर्यादा का भी उल्लंघन किया है। भाजपा के पूर्व मंत्री अनुसूचित व्यक्ति से मारपीट करके, गाली गलौज करते हैं और उसके बाद उनके खिलाफ कार्यवाही करने की जगह भाजपा नेता उनको संरक्षण दे रहे हैं, जो कि अनुचित है।

भाजपा मूलरूप से विध्वंसक:कांग्रेस
वहीं आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष जनक राम ध्रुव ने कहा कि पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने एससी, एसटी वर्ग के निर्दोष नौजवानों के साथ मारपीट करके उन्हें गाली दी है। उनके खिलाफ एससी, एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होना चाहिए।प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला ने कहा कि भाजपा मूलरूप से विध्वंसक पार्टी है। पहले खुद कानून को तोड़ते हैं, उसके बाद धरना देते हैं। यह भाजपा का समाज विरोधी चरित्र है। मूणत और भाजपा नेताओं ने छत्तीसगढ़ की राजनीति को दूषित करने की कोशिश की है।

गृहमंत्री बोले नियमानुसार होगी कार्रवाई
इधर छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कांग्रेस के आग्रह के बाद भी भाजपा वालों ने हमारे नेता राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए , मंत्री गुरु रूद्र कुमार के बंगल के सामने सामान्य रूप से काले कपड़े पहनकर खड़े युवको के साथ मारपीट की। साहू ने कहा कि 15 साल तक कैबिनेट मंत्री रहे राजेश मूणत पुलिस पर थाने में मारपीट का हास्यास्पद आरोप लगाकर खुद की ही बेज्जती करा रहे हैं। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने मंत्री गुरु रूद्रकुमार की तरफ से राजेश मूणत के खिलाफ एस्ट्रोसिटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग पर कहा ,कि सरकार रिपोर्ट के आधार पर जरुरी कार्रवाई करेगी ।
यह भी पढ़ें बिना सुरक्षा, स्कूटी पर दौरे कर रही हैं महिला विधायक,अपनी ही सरकार में पुलिस कार्रवाई से हैं नाराज














Click it and Unblock the Notifications