Chhattisgarh By-Election: यशोदा वर्मा पर कांग्रेस ने जताया भरोसा, खैरागढ़ से लड़ेंगी चुनाव
नई दिल्ली, 22 मार्च: हाल ही में चुनाव आयोग ने 4 राज्यों में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। जिसके लिए सभी दल ने तैयारियां तेज कर दी है। इसमें छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है, जिसके लिए मंगलवार को कांग्रेस ने प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया। वहां से यशोदा वर्मा मैदान में उतरी हैं।

दरअसल पिछले साल नवंबर में खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह को हार्टअटैक आया था। आनन-फानन में उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन वो बचाए नहीं जा सके। इसके बाद से ही खैरागढ़ सीट खाली पड़ी है। देवव्रत काफी वक्त तक कांग्रेस में रहे, लेकिन बाद में उन्होंने पूर्व सीएम अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ज्वाइन कर ली थी। अब इस सीट से कांग्रेस ने यशोदा वर्मा का मैदान में उतारा है।
खैरागढ़ सीट पर है रियासत का वर्चस्व
खैरागढ़ सीट पर हमेशा से ही राजघराने का ही राजनीतिक दबदबा कायम रहा है। खैरागढ़ में हुए विधानसभा चुनावों में हमेशा ही जीत का सेहरा राजघराने के वारिसों के सिर पर ही बंधा है। एक जमाने में पूर्व पीएम राजीव गांधी के क्लासमेट रहे राजा शिवेंद्र बहादुर सिंह राजनांदगांव से सांसद थे। देवव्रत सिंह शिवेंद्र बहादुर सिंह के भतीजे थे।
ये हैं उपचुनाव में अहम तारीखें-
नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख- 17 मार्च 2022
नामांकन की आखिरी तारीख- 24 मार्च 2022
नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख- 28 मार्च 2022
मतदान की तारीख- 12 अप्रैल 2022
मतगणना की तारीख- 16 अप्रैल 2022












Click it and Unblock the Notifications