CG Election2023: छत्तीसगढ़ की सबसे लकी जगदलपुर सीट, पिछले 11 चुनावों में जो भी जीता उसकी बन गई सरकार
CG Election2023: छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने में जगदलपुर की विधानसभा सीट की अहम भूमिका मानी जाती है।दरअसल साल 1977 से जगदलपुर सीट का ये ट्रेंड रहा है।जिस भी दल का विधायक इस सीट पर काबिज रहा है।
प्रदेश में उसी दल की सरकार बनी है। ऐसा माना जाता है कि जगदलपुर की सीट इस लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। यही कारण है कि जगदलपुर की सीट पर राजनीतिक दलों का सबसे बड़ा फोकस होता है।

दूसरा कारण ये भी है कि जगदलपुर सहित बस्तर संभाग की सभी 12 सीटों पर पहले चरण में मतदान होते हैं। यहां जो माहौल मतदान में बनता है, वहीं दूसरे चरण में प्रदेश के बाकी हिस्सों में फैलता है। इन हालातों में येन केन प्रकारेण राजनीतिक दल बस्तर पर फोकस रखते हैं। इसमें भी खासकर जगदलपुर की सीट उनके लिए काफी अहम मानी जाती है।
दरअसल साल 1977 के बाद जहां अविभाजित मध्यप्रदेश में दो बार राष्ट्रपति शासन लगा, वहीं इसके बाद हुए चुनावों में तख्ता पलट हुआ है। साल 1977 के बाद पहली बार जहां 18 फरवरी 1980 को राष्ट्रपति शासन लागू हुआ, उस समय प्रदेश में जनता पार्टी की सरकार थी।
8 जून 1980 के बाद हुए चुनाव में सत्ता बदलकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पास चली गई। दूसरी बार भी 16 दिसंबर 1992 को राष्ट्रपति शासन लागू हुआ और 6 दिसंबर 1993 के बाद हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को सत्ता से वापस जाना पड़ा था।
बस्तर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल शर्मा का कहना है कि जगदलपुर चूंकि पूरे बस्तर संभाग की 12 सीटों का केंद्र है। ऐसे में जो भी लहर जगदलपुर से उठती है, उसका संचार पूरे प्रदेश में होता है। यही कारण है कि जगदलपुर में जिस दल का विधायक चुनकर आता है, प्रदेश में उसी दल की सरकार भी बनती है।
इधर बस्तर के वरिष्ठ भाजपा नेता शरद अवस्थी का मानना है कि ये कुछ समय से ट्रेंड जरूर बना है, लेकिन ये मिथक के अलावा कुछ भी नहीं। लोगों का ऐसा मानना है, लेकिन इस पर किसी भी तरह का लॉजिक नहीं है। जबकि उन्होंने ये भी कहा कि इस बार भाजपा का विधायक जगदलपुर में चुना जाएगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार भी बनेगी।
जानिए, जगदलपुर सीट पर कब कौन विधायक रहे और प्रदेश में कौन मुख्यमंत्री
अविभाजित मध्यप्रदेश
साल विधायक दल मुख्यमंत्री दल
1977 बीरेंद्र पांडे जनता पार्टी कैलाशचंद्र जोशी जनता पार्टी
1980 भुरसूराम नाग कांग्रेस अर्जुन सिंह कांग्रेस
1985 झितरूराम बघेल कांग्रेस अर्जुन सिंह कांग्रेस
1990 दिनेश कश्यप भाजपा सुंदरलाल पटवा भाजपा
1993 झितरूराम बघेल कांग्रेस दिग्विजय सिंह कांग्रेस
1998 झितरूराम बघेल कांग्रेस दिग्विजय सिंह कांग्रेस
छत्तीसगढ़ गठन के बाद
2000 झितरूराम बघेल कांग्रेस अजीत जोगी कांग्रेस
2003 डॉ. सुभाऊ कश्यप भाजपा डॉ. रमन सिंह भाजपा
2008 संतोष बाफना भाजपा डॉ. रमन सिंह भाजपा
2013 संतोष बाफना भाजपा डॉ. रमन सिंह भाजपा
2018 रेखचंद जैन कांग्रेस भूपेश बघेल कांग्रेस
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications