छत्तीसगढ़: 15 अगस्त को उत्कृष्ट गौठान होंगे सम्मानित, चयनित गौठानों को मिलेगी 50 हजार की राशि
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल की ड्रीम प्रोजेक्ट नरवा गरवा घुरवा बारी पर बीते साढ़े तीन सालों में काफी काम हुआ है।
रायपुर, 05 अगस्त। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल की ड्रीम प्रोजेक्ट नरवा गरवा घुरवा बारी पर बीते साढ़े तीन सालों में काफी काम हुआ है। योजना की सफलता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार इसका विस्तार करती जा रही है। योजना में शामिल लोगो का उत्साह बढ़ने के लिए अब सरकार ने राज्य एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट गौठानों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुरस्कृत एवं सम्मानित किए जाने के लिए कृषि विभाग द्वारा चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ के तीन सर्वश्रेष्ठ गौठानों को राज्य स्तरीय समारोह में 50-50 हजार रूपए का पुरस्कार और हर जिले के एक-एक उत्कृष्ट गौठानों को 25-25 हजार रूपए का पुरस्कार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिया जाएगा। समारेाह में उत्कृष्ट गौठान से संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच और गौठान समिति के अध्यक्ष को मुख्य अतिथि की तरफ से शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट गौठानों को पुरस्कृत करने के लिए 10 लाख रूपए का अनुमोदन गोधन न्याय मिशन की बैठक में किया जा गया था ।
कृषि विभाग ने उत्कृष्ट गौठान चयन के लिए प्राथमिक ढ़ांचा, गोबर क्रय और कम्पोेस्ट उत्पादन, विविध आजीविका के अलावा स्वावलंबन को आधार मानते हुए इसके लिए कुल 100 अंक तय किए हैं। बुनियादी ढांचा के तहत गौठानों में पानी, विद्युत, शेड, कोटना निर्माण, सोलर पम्प, फेंसिंग समेत जियो टैगिंग के लिए अधिकतम 7 अंक तय किया गया है। गौठानों में गोबर क्रय और कम्पोस्ट उत्पादन के अंतर्गत गोबर की सक्रिय खरीदी, मात्रा, सक्रिय गोबर विक्रेता, वर्मी टांकों की मौजूदगी , गोबर से कम्पोस्ट रूपांतरण का अनुपात, उत्पादन के विरूद्ध वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय और मानक नमूनों के प्रतिशत के लिए अधिकतम 71 अंक निर्धारित किए गए हैं, जबकि गौठानों में आयमूलक गतिविधियों और महिला समूह के प्रति सदस्य की औसत आय पर अधिकतम 12 अंक और स्वावलंबी गौठान की ओर से गोबर क्रय हेतु किए गए भुगतान की किश्त संख्या के लिए अधिकतम 10 अंक तय है।
उत्कृष्ट गौठान चयन के लिए जिला और राज्य स्तर पर समिति गठित की गई है। प्रदेश स्तर पर 3 गौठानों को पुरस्कृत करने के लिए जिला स्तर पर चयनित 2 -2 उत्कृष्ठ गौठानों के नाम को कलेक्टर के अनुमोदन क बाद संभाग स्तर पर संयुक्त संचालक कृषि की अध्यक्षता में गौठानों के निरीक्षण और मूल्यांकन हेतु गठित समिति को भेजा जाएगा। संभाग स्तरीय समिति की तरफ से कृषि संचालनालय को 7 अगस्त तक मुहैया कराए गए प्रस्ताव ही मान्य होंगे। संचालनालय स्तर पर गठित समिति की तरफ से संभाग स्तरीय समिति की अनुशंसा से मिले उत्कृष्ट गौठानों में से राज्य स्तर के लिए तीन उत्कृष्ट गौठानों का चयन करेगी और प्रशासकीय अनुमोदन के लिए लिस्ट 8 अगस्त तक शासन को उपलब्ध कराएगी।












Click it and Unblock the Notifications