छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके ने पीएम मोदी से मुलाकात,बस्तर और सरगुजा संभाग के लिए मांगा विशेष पैकेज
Chhattisgarh Governor Anusuiya Uikey meets PM Modi, asks for special package for Bastar and Surguja divisions
रायपुर, 07 अप्रैल। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलाकर राज्य के आदिवासी अंचल बस्तर और सरगुजा के लिए विशेष पैकेज की मांग की है। गुरुवार को उन्होंने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से छत्तीसगढ़ में जनजातियों के साथ ही राज्य के विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए राज्य की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी।

पेसा कानून लागू करने का किया अनुरोध
उन्होंने पांचवी अनुसूची के तहत आने वाले नगरीय क्षेत्रों में पेसा कानून लागू करने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि पेसा कानून लागू होने से जनजातियों को उनके संवैधानिक अधिकार मिलेंगे । इसके अलावा राज्यपाल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पेसा कानून के संबंध में नियम बनाने के बारे में चर्चा की। चर्चा के दरमियान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनजातियों की दिक्कतों से अवगत कराया। राज्यपाल उइके ने पीएम मोदी को जनजातियों के जाति नाम में मात्रात्मक त्रुटियों की जानकारी देते हुए कहा कि इससे योग्य व्यक्तियों को जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में दिक्क़ते हो रही है। राज्यपाल ने इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेने का भी अनुरोध किया।
राज्यपाल उइके कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के प्रवास के कारण वहां के जनजातियों के साथ संवाद किया, उनकी दिक्कतों को देखा और समझा है। उन्होंने पीएम मोदी से चर्चा की और छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के विकास के संबंध में कई फैसले लेने की जरूरत बताई। उन्होंने अनुरोध किया कि आदिवासी बाहुल्य जिलों में स्थित विश्वविद्यालयों को केेद्रीय जनजाति विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किया जाये , जिससे वहां के जनजातीय समुदायों को फायदा मिल सके। चर्चा के दौरान उइके ने बताया कि इन क्षेत्रों की जनजातियों की कला संस्कृति को भी सहेजकर करने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने अनुरोध किया कि इन जनजातियों पर रिसर्च करके उनका दस्तावेजीकरण किया जाये , जिससे उनकी संस्कृति की पहचान पूरे देश में हो सके।
यह भी पढ़े केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल से क्यों खफा है कांग्रेस ? पूरे छत्तीसगढ़ में फूंका पुतला !
बस्तर और सरगुजा संभाग के लिए मांगा विशेष पैकेज
बस्तर और सरगुजा संभाग में रहने वाली जनजातियों के समुचित विकास के लिए राज्यपाल उइके ने पीएम नरेंद्र मोदी से विशेष पैकेज देने का भी अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि विशेष पैकेज मिलने से इन इलाकों में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और जनजातीय समुदाय का और बेहतर विकास हो सकेगा। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल उइके ने प्रधानमंत्री मोदी से देश के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शहरी सामाजिक कार्यकर्ताओं (ऊषा) और आशा कार्यकर्ताओं के विषय में भी चर्चा करते हुए कहा कि यह कार्यकर्ता पूरी लगन से छत्तीसगढ़ समेत देश के ग्रामीण क्षेत्रों में अपने कार्याे को बेहतर तरीके से कर रहे हैं। कोरोना काल में भी इनकी तरफ से लगातार कार्य किया जाता रहा है। उइके ने इन कार्यकर्ताओं के कार्याे की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री से इनके मानदेय में बढ़ोत्तरी के साथ ही उनके स्थायीकरण की दिशा में भी विचार करने का अनुरोध किया।राज्यपाल ने उत्तरप्रदेश के पूर्वांचल के 4 जिलों चन्दौली, कुशीनगर, संत कबीरनगर, संत रविदास नगर को जनजाति जिलों में शामिल करने पर प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर राज्यपाल उइके ने प्रधानमंत्री को प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया।
यह भी पढ़े वह स्थान जहां भगवान राम ने खाये थे जूठे बेर, उसको नई पहचान देने जा रही है छत्तीसगढ़ सरकार












Click it and Unblock the Notifications