केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल से क्यों खफा है कांग्रेस ? पूरे छत्तीसगढ़ में फूंका पुतला !
Why Chhattisgarh Congress is upset with Union Minister Prahlad Patel
रायपुर,06 अप्रैल। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा में हो रहे उपचुनाव का सियासी रंग पूरे प्रदेश में चढ़ते जा रहा है। भाजपा ने जहां अपने केंद्रीय नेताओं को चुनाव प्रचार में लगा रखा है ,तो वहीं कांग्रेस की तरफ से खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कमान संभालकर रखी हुई है। खैरागढ़ चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल एक ऐसा बयान दे दिया,जिसपर कांग्रेस बिफर पड़ी है।

केन्द्रीय मंत्री ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना पर उठाये थे सवाल
वरिष्ठ भाजपा नेता और मोदी कैबिनेट के मंत्री प्रहलाद पटेल छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। उन्होंने बुधवार को खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में प्रचार के दौरान भूपेश बघेल सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कर्ज लगातार बढ़ रहा है और भूपेश सरकार धान खरीदी की कीमत को 2500 से 2800 रुपए कर रही है। केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि जो राशि राज्य सरकार को केंद्र सरकार ने भेजी हैं,पहले उसका तो सही उपयोग कर ले । कांग्रेस सरकार पर पटेल ने आरोप लगाया, भूपेश बघेल सरकार छत्तीसगढ़ को दीवालिया करने पर अमादा है ,प्रदेश में कर्ज बढ़ता जा रहा है लेकिन इनकी थाली खाली है।

मुख्यमंत्री बघेल ने दिया जवाब
केंद्रीय मंत्री पटेल के बयान पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कहना है कि पटेल का बयान भाजपा की सोच के मुताबिक है, भाजपा कभी किसान को मजबूत नहीं होने देना चाहती है । सीएम भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा अपनी इसी सोच के कारण राजीव गांधी न्याय योजना का विरोध कर रही हैं। छत्तीसगढ़ में मजदूरों को जो पैसे दिए जा रहे हैं , उसका भी भाजपा के नेता विरोध कर रहे हैं। सीएम भूपेश बघेल ने कहा, केंद्र सरकार अपनी योजनाओं अतिरिक्त राशि नहीं देती है। मोदी सरकार केंद्रीय करो में से राज्य हिस्सा नहीं दे रही है।

कांग्रेस ने जलाया प्रहलाद पटेल का पुतला
इस बयान से कांग्रेस बिफर पड़ी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम में निर्देश पर गुरुवार को पूरे प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रहलाद पटेल का पुतला जलाया। केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल बयान का विरोध करते हुये छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल पूछा है कि क्या वह अपने मंत्री के बयान का समर्थन करते हैं ।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने बयान जारी करके कहा कि केंद्रीय मंत्री पहलाद पटेल ने मोदी सरकार और भाजपा के किसान विरोधी नीति को ही खैरागढ़ की जनता के सामने रखा है। बीजेपी आदतन किसान और मजदूरों विरोधी है। जिन राज्यो में भाजपा की सरकार हैं, वहां किसान की माली हालत ठीक नही है। उपज का सही मूल्य नही मिलने के चलते किसान आर्थिक बदहाली में जी रहे है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री पटेल के बयान से साफ़ हो जाता है कि मोदी भाजपा की सरकार की नीति चंद पूंजीपतियों को पूरे भारत की बागडोर देना और कृषि क्षेत्र में आश्रित एक बड़ी आबादी को आर्थिक तंगहाली की ओर धकेलना है।

पटेल के दौरे से भयभीत है बघेल:नेता प्रतिपक्ष
इधर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस से सवाल किया है कि हमारे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के खैरागढ़ में प्रचार से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इतने भयभीत क्यों हैं? और आखिर क्यों तिलमिला रहे हैं? नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि खुद भूपेश बघेल कई राज्यों के चुनावी दौरे पर गए हैं। उन्होंने अभी हाल ही उत्तर प्रदेश में छत्तीसगढ़ के सारे संसाधन खपा दिए थे ,लेकिन तब भी वहां जनता ने भूपेश बघेल के कथित छत्तीसगढ़ मॉडल और उन्हें भी ठुकरा दिया है । केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल भाजपा जनता युवा मोर्चा के जमाने से छत्तीसगढ़ से लगातार संपर्क में रहे हैं। खैरागढ़ उपचुनाव में उनके दौरे को लेकर सीएम भूपेश बघेल को घबराहट होना स्वाभाविक है।
यह भी पढ़ें पॉजिटिव न्यूज़: छत्तीसगढ़ का कोंडागांव अति नक्सल प्रभावित श्रेणी से बाहर !












Click it and Unblock the Notifications