छत्तीसगढ़: सुकमा एनकाउंटर में 16 नक्सली ढेर, 2 जवान घायल, इलाके में जारी है सर्च ऑपरेशन
Chhattisgarh Encounter: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के केरलापाल इलाके में शनिवार 29 मार्च को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। शुक्रवार को जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा शुरू किए गए संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान के बाद गोलीबारी शुरू हुई।
अधिकारियों के मुताबिक सुकमा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत केरलापाल इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिलने के बाद अभियान शुरू किया गया था। पुलिस और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए हैं। वहीं 2 जवानों के घायल होने की भी खबर है।

सुकमा एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा, "हमने अब तक 16 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। बड़ी संख्या में एके-47, एसएलआर, इंसास राइफल और अन्य हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। दो जवानों को मामूली चोटें आई हैं..."
28 मार्च को तलाशी अभियान के लिए निकले थे सुरक्षाबल
संयुक्त दल 28 मार्च को तलाशी अभियान के लिए निकला था और आज (29 मार्च) सुबह से ही रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। सुरक्षा बल फिलहाल मुठभेड़ स्थल और आसपास के जंगली इलाकों की गहन तलाशी कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि चल रहे ऑपरेशन के पूरा होने के बाद विस्तृत बयान जारी किया जाएगा। सुकमा छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सबसे बुरी तरह प्रभावित जिलों में से एक है, जिसने पहले भी कई नक्सली हमले देखे हैं।
इससे पहले शुक्रवार 28 मार्च को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के फटने से एक जवान घायल हो गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी के मुताबिक, "बेड़माकोटी की ओर माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को नारायणपुर के जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।" आईजी ने बताया कि प्रारंभिक उपचार के बाद घायल जवान की हालत स्थिर हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications