CG Election 2023: नक्सलियों ने कोंटा सीट के प्रत्याशियों पर लगाए गंभीर आरोप, पर्चा जारी कर कही ये बातें
CG Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर लगातार सरगर्मियां बढ़ती चली जा रही हैं। प्रत्याशी चुनाव के प्रचार में जुटे हुए हैं। वहीं प्रशासन भी मतदान संपन्न करवाने के लिए सक्रियता से काम में जुटा हुआ है।
इस बीच मतदान से एक हफ्ते पहले नक्सलियों ने प्रेस नोट जारी करते हुए चुनाव का बहिष्कार तो किया ही है। साथ में कोंटा विधानसभा के प्रत्याशियों पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। नक्सलियों ने कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा और भाजपा उम्मीदवार सोयम मुका पर आरोप लगाए हैं।

नक्सली संगठन की दक्षिण बस्तर डिवीजनल कमेटी की सचिव गंगा ने प्रेस नोट जारी करते हुए चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। पिछले दिनों इसे लेकर नक्सलियों ने कई जगहों पर बैनर-पर्चे भी लगाए हैं। अब मतदान से महज एक हफ्ते पहले ही कोंटा सीट पर खड़े भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवारों के खिलाफ आरोपों की झड़ी लगा दी है।
महिला नक्सली नेता गंगा ने आबकारी मंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी लखमा व भाजपा प्रत्याशी मुका को आदिवासियों का हत्यारा बताया है। जारी प्रेस नोट में गंगा ने कहा कि जेल में बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई करने का वादा करने वाली कांग्रेस ने सत्ता पाकर अपने वादों से मुकर गई और झूठे मामलों में फंसाकर निर्दोष आदिवासियों को जेल भेजने का सिलसिला जारी रखा। गंगा ने दावा किया है कि जेलों में बंद 125 निर्दोष आदिवासियों को सबूतों के अभाव में न्यायालय ने दोषमुक्त कर दिया है।
आबकारी मंत्री लखमा पर आरोप लगाते हुए गंगा ने कहा कि मंत्री बनने के बाद सरकारी कार्यों में कमीशन लेकर उन्होंने करोड़ों की कमाई की है। वहीं भाजपा प्रत्याशी मुका पर सलवा जुडुम के दौरान आदिवासियों की हत्या, गांवों में आगजनी, घरों में लूटपाट और निर्दोष ग्रामीणों की गिरफ्तारी करवाने का आरोप लगाया है।
इसके साथ ही जारी प्रेस नोट में गंगा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार और मंत्री कवासी लखमा पिछले विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को निभाने के बजाय केंद्र की मोदी सरकार के नक्श-ए-कदम पर चल रहे हैं। जनता से वादाखिलाफी करने का आरोप भी नक्सली नेता ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर लगाया है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications