मां के साथ धोई झूठी प्लेटें, फिर IIT से पढ़कर बना चंद्रयान-3 का हिस्सा, छत्तीसगढ़ के भरत का कमाल
Chandrayaan-3 ISRO Bharat Kumar: बुधवार (23 अगस्त) को जब भारत का चंद्रयान-3 चांद के साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग के बाद सफल हुआ तो इसरो मुख्यालय में वैज्ञानिक खुशी से झूम उठे थे। देश काे पूरी दुनिया में गौरवान्वित करने वाली इसरो की टीम में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का एक होनहार युवा भरत कुमार भी शामिल है।
बेहद गरीबी में पले-बढ़े भारत के पास स्कूल में फीस भरने के भी पैसे नहीं थे, लेकिन उन्होंने हौंसला नहीं हारा और आज चंद्रयान-3 की सफलता के बाद उनका पूरा परिवार गर्व से फूला नहीं समां रहा। इसरो में काम कर रहे भरत कुमार के संघर्ष की कहानी आज देश के हर छात्र को जाननी चाहिए।

चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग में बड़ी भूमिका निभाने वाले दुर्ग जिले के भिलाई चरौदा के रहने वाले भरत कुमार ने बेहद गरीब परिवार के होने के बाद भी अपनी क्षमता के बल पर इसरो में नौकरी हासिल की है। आज भरत मैकेनिकल इंजीनियर ISRO के पद पर हैं।
टपरी पर मां का बंटाते थे हाथ
भरत कुमार के पिता बैंक में सुरक्षा गार्ड हैं। घर की आर्थिक समस्या को देखते हुए भरत की मां ने चरौदा कस्बे में एक टपरी पर इडली चाय बेचने का काम शुरू किया। भिलाई-चरोदा निगम क्षेत्र की जी केबिन श्रमिक बस्ती में रहने वाले भरत कुमार ने अपनी मां का काम हाथ बंटाया और झूठी प्लेटें धोई।
फीस भी नहीं भर पाए थे भरत
भरत चाय देकर, प्लेट्स धोकर परिवार की जीविका और अपनी पढ़ाई के लिए मेहनत कर रहा था। भरत की स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय चरौदा में होने लगी। जब भरत नौवीं में था, फीस की दिक्कत से टीसी कटवाने की नौबत आ गई थी पर स्कूल ने फीस माफ की और शिक्षकों ने कॉपी किताब का खर्च उठाया।
IIT धनबाद में हासिल किया गोल्ड मेडल
भरत ने 12 वीं मेरिट के साथ पास की और उसका IIT धनबाद के लिए चयन हुआ। फिर आर्थिक समस्या आड़े आई तो रायपुर के उद्यमी अरुण बाग और जिंदल ग्रुप ने भरत का सहयोग किया। यहां भी भरत ने अपनी होनहार होने का परिचय दिया और 98% के साथ IIT धनबाद में गोल्ड मेडल हासिल किया।
चंद्रयान 3 मिशन का हिस्सा बने भरत कुमार
जब भरत इंजीनियरिंग के 7 वें सेमेस्टर में था तब ISRO ने वहां अकेले भरत का प्लेसमेंट में चयन किया और आज भरत इस चंद्रयान 3 मिशन का हिस्सा है। आज मात्र 23 साल का हमारा यह युवा चंद्रयान 3 की टीम के सदस्य के रूप में पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications