Chhattisgarh: खाली समय में कांग्रेस के लोग कर रहे हैं हास्यास्पद प्रदर्शन: भाजपा नेता सौरभ सिंह
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बने पखवाड़े भर से ऊपर हो चुका है, लेकिन अभी तक तय नहीं हुआ है कि किस मंत्री के पास कौन सा विभाग होगा। बहराहल कांग्रेस नेताओं की तरफ से मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को लेकर लगातार कटाक्ष हो रहे हैं। विपक्षी दल के नेताओं की बयानबाजी का जवाब देते हुए भाजपा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने बयान जारी करके कहा कि प्रदेश के ऐतिहासिक जनादेश से सत्ता से बेदखल हो चुकी कांग्रेस के लोग अपनी पार्टी के घमासान को तो थाम नहीं पा रहे हैं, भाजपा सरकार को लेकर ऊलजलूल बयानबाजी और हास्यास्पद प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाजपा रायपुर संभाग प्रभारी और पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि जिस दिन से कांग्रेसी सत्ता से उखाड़ फेंके गए हैं, उसी दिन से वे विचलित मनोदशा के शिकार हो गए हैं। पहले उनको इस बात की चिंता सता रही थी कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा? जब भाजपा ने आदिवासी मुख्यमंत्री के रूप में विष्णुदेव साय का चयन किया तो फिर वे मंत्रिमंडल के मंत्रियों को लेकर मनगणित लगाते रहे और अब विभागों के बँटवारे को लेकर निठल्ले राजनीतिक चिंतन में व्यस्त हैं।
भाजपा नेता सौरभ सिंह ने आगे कहा कि दरअसल छत्तीसगढ़ सरकार जिस तेजी से क्रांतिकारी निर्णय लेकर जनाकांक्षाओं की पूर्ति की दिशा में आगे बढ़ रही है, उससे कांग्रेस के लोग ज्यादा विचलित हो रहे हैं। वे यह देखकर हैरान हैं कि बिना विभागों के बंटवारे के भी कोई सरकार एकराय होकर जनता की सेवा के अपने संकल्पों के पथ पर अग्रसर हो रही है और 'मोदी की गारंटी' के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
सिंह ने कहा कि कांग्रेसी अपने राजनीतिक चरित्र के चश्मे से भाजपा को देखने का हास्यास्पद उपक्रम कर रहे हैं। गुटबाजी, मलाईदार विभाग की ललक, अहंकार और जनता के साथ वादाखिलाफी कांग्रेस की संस्कृति रही है, लेकिन भाजपा में ऐसी कोई लालसा पाले बिना जनता के हित में निर्णय लेना उसकी प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें












Click it and Unblock the Notifications