छत्तीसगढ़ः अंबिकापुर में स्कूटी और कार में जबरदस्त टक्कर, मौके पर तीन की मौत
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के बतौली थाना क्षेत्र में एनएच 43 पर बेलकोट गांव के पास कार और स्कूटी के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी पर सवार 10 साल की बच्ची और उसके बड़े भाई और मां की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। वहीं इस सड़क हादसे में कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस को शवों की शिनाख्त करने में घंटों लग गए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बतौली क्षेत्र के मांजा चिरागा निवासी 45 वर्षीय मीना बाई, उनका बेटा 21 वर्षीय शंकर कुमार और 10 वर्षीय बेटी सुशीला कुमारी स्कूटी से एक शादी में शामिल होने के लिए ग्राम कोट जा रहे थे। इसी दौरान NH-43 पर ग्राम बेलकोटा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मीना बाई सड़क पर गिर पड़ी। जबकि बेटा शंकर और बेटी सुशीला घिसटते हुए दूर तक चले गए।
हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्कूटी के भी दो टुकड़े हो गए। वहीं कार का भी आगे का शीशा टूट गया और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बताया जा रहा है कि कार में दो युवक सवार थे, जो हादसे के बाद भाग निकले। कार पर नंबर भी अधूरे लिखे हुए हैं। सुबह हुए हादसे के बाद पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी कराई। इसके बाद दोपहर तक तीनों के शवों की शिनाख्त हो सकी। फिलहाल उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications